बस्तामुक्त विद्यालय रुनियाडीह में नो बैग डे बना सीखने और प्रतिभा निखारने का मंच

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

 

अनिल साहू

रचनात्मक गतिविधियों, खेलकूद व नवाचार में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित

सूरजपुर/ बिश्रामपुर। क्षेत्र के प्रथम बस्तामुक्त विद्यालय शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला रुनियाडीह में जिला कलेक्टर श्रीमती रेना जमील की मंशानुरूप एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों के दिशा-निर्देशों के परिपालन में नो बैग डे के अवसर पर विभिन्न रचनात्मक, शैक्षणिक, खेलकूद एवं रोचक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पढ़ाई से हटकर अपनी सृजनात्मक प्रतिभा, कल्पनाशीलता और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

संस्था प्रमुख सीमांचल त्रिपाठी ने बताया कि नो बैग डे के अवसर पर विद्यालय में एक दिन की प्रधान पाठक के रूप में श्रीमती एम. टोप्पो के नेतृत्व में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। ‘यदि पेड़ बोल सकते तो वह हमसे क्या कहते’ विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता में शांति सिंह ने प्रथम, वेद राजवाड़े ने द्वितीय तथा खुशी सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में संगीता यादव प्रथम, मनीता राजवाड़े द्वितीय तथा नगीना यादव तृतीय स्थान पर रहीं।

पेपर क्राफ्ट गतिविधि के अंतर्गत विद्यार्थियों ने हवाई जहाज, पानी का जहाज, तितली, गुलाब का फूल, नाग देवता सहित विभिन्न आकर्षक कलाकृतियों का निर्माण किया। इसमें मयंक सिंह ने प्रथम, पायल राजवाड़े ने द्वितीय तथा पीयूष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं स्वच्छता अभियान में सुहाना सारथी, सरस्वती राजवाड़े एवं माही देवांगन ने उत्कृष्ट कार्य किया।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत इको एवं यूथ क्लब की अध्यक्ष वर्षा राजवाड़े सहित खुशी सिंह, सानिया यादव, सरस्वती राजवाड़े, दीपक राजवाड़े एवं राहुल राजवाड़े ने सराहनीय कार्य किया।

विद्यालय के विद्यार्थियों ने खेलकूद के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। राज्य स्तरीय शालेय खेलकूद प्रतियोगिता में शतरंज के लिए मुंगेली में पायल राजवाड़े एवं साधना राजवाड़े तथा तैराकी में बिलासपुर में योगेश सिंह ने सरगुजा संभाग का प्रतिनिधित्व किया। संभाग स्तरीय योग प्रतियोगिता पत्थलगांव में शांति सिंह, पायल राजवाड़े, संध्या राजवाड़े, खुशी सिंह, वेद राजवाड़े, कैलाश राजवाड़े, कुश देवांगन, अमन राजवाड़े, धनेश्वर सारथी, विवेक विश्वकर्मा एवं स्वास्तिक विश्वकर्मा ने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन किया।

एथलेटिक्स की लंबी कूद प्रतियोगिता में अंबिकापुर में निशा राजवाड़े ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। संभाग स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता विश्रामपुर के बालिका वर्ग में साधना राजवाड़े, कोमल सिंह, खुशी सिंह, अनीता केवट, वर्षा राजवाड़े एवं पायल राजवाड़े का चयन हुआ है। वहीं बालक वर्ग में रुद्र प्रताप राजवाड़े, शिवम विश्वकर्मा एवं योगेश सिंह का अंडर-14 वर्ग में चयन किया गया है। शतरंज की संभाग स्तरीय प्रतियोगिता अंबिकापुर में शिवम विश्वकर्मा, वेद राजवाड़े एवं सुनीता सिंह ने भी उम्दा प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गतिविधियों एवं खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को कॉपी एवं पेन पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में एसएमसी अध्यक्ष श्रीमती कौशिल्या राजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता एक दिन की प्रधान पाठक श्रीमती एम. टोप्पो ने की। इस अवसर पर श्रीमती एनवती राजवाड़े एवं रिजवान अंसारी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर श्रीमती एम. टोप्पो ने विद्यालय में किए गए इस नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि प्रधान पाठक के विद्यालय में उपस्थित रहते हुए भी एक दिन के लिए प्रधान पाठक की भूमिका का निर्वहन करना उनके लिए गौरव और विशेष अनुभव का अवसर रहा। उन्होंने कहा कि संस्था प्रमुख के अनुपस्थित रहने पर वे विद्यालय का नेतृत्व करती रही हैं, लेकिन संस्था प्रमुख की उपस्थिति में यह जिम्मेदारी निभाने का अवसर उनके लिए बेहद खास और यादगार रहा।

नो बैग डे के इस आयोजन ने विद्यार्थियों को बिना बस्ते के सीखने, रचनात्मकता को अभिव्यक्त करने और अपनी खेल प्रतिभा को निखारने का अवसर दिया। विद्यालय का यह नवाचार बच्चों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सीखने के प्रति उत्साह बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में सामने आया।

anil sahu
Author: anil sahu