बेमौसम बारिश का कहर: खेत-खलिहान में पानी का सैलाब, कटाई के लिए तैयार धान समेत फसलें डूबीं… किसानों के सपने बह गए

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अनिल साहू

 कच्ची सड़कें कीचड़ में तब्दील, गांवों में जलभराव… अगले 24 घंटे और बारिश की आशंका, किसान बोले- ‘सारी मेहनत पर पानी फिर गया’

सूरजपुर। जिले में सुबह से रुक-रुककर हो रही झमाझम बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी है। मूसलाधार पानी से खेतों और खलिहानों में जगह-जगह सैलाब जैसा जमाव हो गया है। कटाई के लिए तैयार धान की फसलें पानी में डूबकर सड़ने लगी हैं, जबकि खलिहान में रखी कटी हुई उपज पूरी तरह भीग चुकी है। अगर धूप नहीं निकली तो अनाज खराब हो जाएगा और किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ेगा। ग्रामीण इलाकों की कच्ची सड़कें कीचड़ और पानी से लबालब हो गई हैं, जिससे लोगों की आवाजाही ठप्प हो गई है। कई गांवों में रास्ते और खेत जलमग्न हैं, जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त!

**फसलें खराब, सपने डूबे: ‘बारिश थमी नहीं तो सब कुछ बर्बाद’**  

किसानों का कहना है कि अगर बारिश का यह सिलसिला यूं ही जारी रहा तो फसलें खेत में ही सड़कर रह जाएंगी। एक किसान ने दर्द भरी आवाज में कहा, “सारी मेहनत पर पानी फिर गया… कटाई के बाद खलिहान में रखी फसल भीग गई, अब क्या होगा?” मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटों में भी रुक-रुककर बारिश जारी रहने की संभावना है। जिला मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा, जिससे किसानों की चिंता चरम पर पहुंच गई है। पक्की फसल के साथ उनके साल भर के सपने भी बहते नजर आ रहे हैं!

anil sahu
Author: anil sahu

जिला प्रतिनिधि सूरजपुर