

अनिल साहू
सूरजपुर। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षक सुनील साहू को राज्य स्तरीय एफएलएन (Foundational Literacy and Numeracy) सह “नवाचारी वॉरियर्स” सम्मान से शिक्षा मंत्री के हाथों एक गरिमामय समारोह में सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उन शिक्षकों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने शिक्षा में नवाचार करते हुए बच्चों के सीखने के स्तर में उल्लेखनीय सुधार किया है। सुनील साहू ने अपने प्रयासों से विद्यार्थियों की बुनियादी साक्षरता (पढ़ना-लिखना) एवं गणन कौशल को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके साथ ही उन्होंने शिक्षण को सरल, रोचक और प्रभावी बनाने के लिए कई नवाचारी पद्धतियों को अपनाया।
आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश भर से चयनित शिक्षकों को सम्मानित किया गया, जिनमें सुनील साहू का नाम प्रमुख रूप से शामिल रहा। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे नवाचारी शिक्षक शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने में अहम योगदान देते हैं और अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनते हैं।
सम्मान प्राप्त होने पर सुनील साहू ने कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने अपने सहकर्मियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान सभी के सामूहिक सहयोग का परिणाम है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वे भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर




