विश्व साक्षरता दिवस पर सूरजपुर में विशेष कार्यक्रम : पण्डो जनजाति के विद्यार्थियों को मिली नई उड़ान

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अनिल साहू

सूरजपुर। माननीय श्रीमती विनीता वार्नर, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सूरजपुर के मार्गदर्शन में सोमवार को ग्राम पंचायत भवन राजापुर में विश्व साक्षरता दिवस के उपलक्ष्य में विशेष शैक्षणिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और होली टेम्पल शिक्षण समिति देवनगर के संयुक्त तत्वावधान में सम्पन्न हुआ।

मुख्य अतिथि के रूप में व्यवहार न्यायधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पायल टोपनो और व्यवहार न्यायधीश हिमांशी सराफ उपस्थित रहीं। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र के मुख्य महाप्रबंधक डॉ. संजय कुमार सिंह, मुख्य प्रबंधक खनन के. एल. भील तथा जिला साक्षरता प्राधिकरण सूरजपुर के जिला परियोजना अधिकारी डॉ. मोहन साहू शामिल हुए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सचिव पायल टोपनो ने शिक्षा व साक्षरता के महत्व पर जोर देते हुए कहा— “शिक्षा से जुड़ना पूरी दुनिया से जुड़ जाना है और शिक्षा से विमुख होना पूरी दुनिया से विमुख हो जाना है।” उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजातियों के अधिकारों और शिक्षा से मिलने वाले अवसरों पर बच्चों को जागरूक किया।

होली टेम्पल शिक्षण समिति द्वारा संचालित उड़ान कार्यक्रम अंतर्गत पण्डो जनजाति के विद्यार्थियों को अंकसूची वितरित की गई। समिति के संचालक ने बताया कि ग्राम राजापुर व आसपास के ग्रामीण जहां शिक्षा से वंचित थे, अब समिति के प्रयासों से फिर से पढ़ाई से जुड़े हैं। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष कक्षा 10वीं के 35 और कक्षा 12वीं के 6 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं।

इस अभियान में एसईसीएल प्रबंधन बिश्रामपुर और संभागीय आयुक्त का आर्थिक सहयोग विशेष रूप से सराहनीय रहा, जिसके जरिए विद्यार्थियों की कोचिंग, परीक्षा व अन्य शैक्षणिक जरूरतों की पूर्ति की गई।

कार्यक्रम में आयोजक समिति प्रमुख संजय दास, बसदेई प्राचार्य रामचंद्र सोनी, परशुरामपुर प्राचार्य चन्द्र विजय सिंह, थाना प्रभारी रामानुजनगर राजेन्द्र साहू, व्याख्याता शिववचन सिंह, समिति उपाध्यक्ष एवं सरपंच राजापुर सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन उपस्थित रहे।

anil sahu
Author: anil sahu

जिला प्रतिनिधि सूरजपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *