

भरत लाल गुप्ता
450 से अधिक छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और उत्कृष्ट विद्यार्थियों के सम्मान ने बढ़ाया उत्साह
उदयपुर।15 अगस्त 2026 को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सलका परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय सलका तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सलका की कक्षा छठवीं से बारहवीं तक के लगभग 450 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा फहराकर दिया देशभक्ति का संदेश
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में तिरंगा ध्वज फहराकर किया गया। इस अवसर पर सरपंच सलका, प्राचार्य बाल भगवान राम, उपसरपंच सलका, उपसरपंच सरगांव, ग्राम पंचायत के पंचगण, पूर्व सरपंच राम सिंह, संतोष गुप्ता, संतोष जायसवाल, अभिभावक, एसएमसी अध्यक्ष धरम सिंह, पूर्व एसएमडीसी अध्यक्ष कमलेश जायसवाल एवं एसएमसी सदस्य भरत लाल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
ध्वजारोहण के पश्चात विद्यार्थियों ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से वातावरण को देशभक्ति से भर दिया। इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा गांव के प्रमुख मार्गों से प्रभात फेरी निकाली गई, जो वापस विद्यालय परिसर पहुंचकर समाप्त हुई।
वीर शहीदों को नमन कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ
प्रभात फेरी के बाद विद्यालय परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपस्थित अतिथियों द्वारा देश के वीर शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि एवं नमन करते हुए किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य बाल भगवान राम ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश के जिम्मेदार नागरिक के रूप में हमें नशे जैसी बुराइयों एवं सामाजिक कुरीतियों से स्वयं को दूर रखना चाहिए और एक स्वस्थ, शिक्षित एवं उज्ज्वल भारत के निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।
उल्लास महा चौपाल में दिलाई साक्षरता की शपथ
कार्यक्रम के दौरान पूर्व एसएमडीसी अध्यक्ष कमलेश जायसवाल ने सभी लोगों को साक्षरता कार्यक्रम से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उल्लास महा चौपाल के माध्यम से उपस्थित लोगों को शत-प्रतिशत साक्षरता के लिए सामूहिक रूप से शपथ दिलाई।
वर्तमान एसएमसी अध्यक्ष धरम सिंह एवं एसएमसी सदस्य भरत लाल गुप्ता ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन में रहकर शिक्षा प्राप्त करने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा देशहित में कार्य करते हुए अपने भविष्य का निर्माण करने के लिए प्रेरित किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने देश की आन-बान-शान तिरंगे के महत्व को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सामूहिक गीत, सामूहिक नृत्य, कविता, भाषण एवं नाटक की शानदार प्रस्तुतियां दीं।
बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों एवं अभिभावकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए अपने विचार साझा किए और उन्हें शिक्षा, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया।
मेधावी एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
समारोह के दौरान कक्षा पांचवीं, आठवीं, दसवीं एवं बारहवीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन-तीन विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विद्यालय में आयोजित क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। विद्यालय परिवार एवं अतिथियों ने सभी प्रतिभावान विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
पीएम श्री प्रधान पाठक ने जताया आभार
कार्यक्रम के समापन अवसर पर पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय की प्रधान पाठक श्रीमती पदमा सिंह ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए बधाई एवं धन्यवाद दिया। उन्होंने देश के अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए उनके त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिका मेरी बहालेन धान, रमेश कुमार चंद्रा, मंजू कुजूर, गुरदास महंत, पार्वती, प्रतिभा सिंह, हेमलता सिंह, उमा, उषा, रोहित बंजारा, संतोष पांडे, अनुप्रिया, रंजीता, मुकेश ठाकुर, विवेक भारती, चंद्रमणि बंजारे, असीमा सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
समारोह में विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों की सहभागिता से पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता के संदेश के साथ हुआ।



