हाई स्कूल जजगा में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

 

भरत लाल गुप्ता

कन्हाई राम बंजारा ने किया ध्वजारोहण, विद्यार्थियों ने दी देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां

उदयपुर। शासकीय हाई स्कूल जजगा में देश का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी कन्हाई राम बंजारा ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य ए.के. बड़ा, विद्यालय स्टाफ, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

ध्वजारोहण के पश्चात विद्यार्थियों ने देशभक्ति नारों एवं जयघोष के साथ प्रभात फेरी निकाली। प्रभात फेरी के दौरान छात्र-छात्राओं ने ग्राम का भ्रमण करते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व, राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति का संदेश दिया।

मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र पर किया दीप प्रज्वलन

प्रभात फेरी के बाद विद्यालय परिसर स्थित सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कन्हाई राम बंजारा, विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी शितलबोध सिंह, रघुवीर दास एवं ग्राम पंचायत जजगा के सचिव बाबूलाल दास ने मां सरस्वती, भारत माता एवं देश के वीर सपूतों के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया।

देशभक्ति गीतों और नृत्य ने बांधा समां

सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत माध्यमिक विद्यालय जजगा के छात्र-छात्राओं की देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों से हुई। इसके बाद शासकीय हाई स्कूल की छात्राओं ने विभिन्न देशभक्ति गीतों एवं नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुति दी।

विद्यार्थियों ने स्थानीय सरगुजिहा, छत्तीसगढ़ी एवं देशभक्ति गीतों पर शानदार प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुतियों से पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति और उत्साह से सराबोर हो गया। उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की जमकर सराहना की।

कन्हाई राम बंजारा ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित

मुख्य अतिथि कन्हाई राम बंजारा ने अपने उद्बोधन में सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए हजारों-लाखों बच्चों, नौजवानों, महिलाओं एवं बुजुर्गों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके त्याग और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में खुली हवा में सांस ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने कठिन परिस्थितियों में जीवन व्यतीत करते हुए आने वाली पीढ़ियों का पालन-पोषण किया तथा अपनी परंपरा और संस्कृति को सुरक्षित रखा। आज हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपनी संस्कृति एवं परंपराओं को जीवंत रखते हुए देश के विकास में अपना योगदान दें।

उन्होंने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकार द्वारा विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। विद्यार्थियों को निःशुल्क पुस्तक, गणवेश, मध्यान्ह भोजन, सरस्वती साइकिल एवं छात्रवृत्ति जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर पुरस्कार भी प्रदान किए जाते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की कि बच्चे मन लगाकर पढ़ाई करें और जीवन में सफलता हासिल कर अपने माता-पिता, विद्यालय, जिले एवं राज्य का नाम रोशन करें।

रघुवीर दास ने शहीदों के बलिदान को किया याद

विशिष्ट अतिथि रघुवीर दास ने कहा कि देश आजादी का उत्सव मना रहा है, लेकिन यह स्वतंत्रता हमें आसानी से प्राप्त नहीं हुई। भारत माता के हजारों वीर सपूतों ने देश की आजादी के लिए अपना बलिदान दिया। उन्होंने तिरंगे के तीनों रंगों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को देश के प्रति जिम्मेदार एवं कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

नियमित विद्यालय आने विद्यार्थियों से किया आह्वान

प्राथमिक विद्यालय के प्रधान पाठक राजनाथ कुजूर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अच्छी शिक्षा प्राप्त करने के लिए नियमित रूप से विद्यालय आना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई कर अच्छे अंक प्राप्त करने तथा विद्यालय एवं अपने माता-पिता का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

paउल्लास नवभारत चौपाल में लिया शत-प्रतिशत साक्षरता का संकल्प

कार्यक्रम के दौरान उल्लास नवभारत चौपाल का भी आयोजन किया गया। इसमें उपस्थित लोगों ने समाज में शत-प्रतिशत साक्षरता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। उपस्थित लोगों ने शिक्षा को समाज के विकास की आधारशिला बताते हुए प्रत्येक व्यक्ति को साक्षर बनाने की दिशा में प्रयास करने की प्रतिबद्धता जताई।

मेधावी छात्राओं को नगद पुरस्कार से किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान शासकीय हाई स्कूल जजगा में विगत वर्ष कक्षा 10वीं में अध्ययनरत प्रिया दास को 86.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान हासिल करने पर सम्मानित किया गया। प्राथमिक विद्यालय मुड़ापारा के प्रधान पाठक राजनाथ कुजूर ने उन्हें 1,100 रुपये तथा हाई स्कूल की शिक्षिका परमेश्वरी कंवर ने 2,500 रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया।

इसी प्रकार विद्यालय की छात्रा मानसी केरकेट्टा को 84.8 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर विद्यालय के प्राचार्य ए.के. बड़ा द्वारा 2,500 रुपये का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों एवं विद्यालय परिवार ने दोनों मेधावी छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य एवं उच्च शिक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्राचार्य ए.के. बड़ा ने जताया आभार

कार्यक्रम के समापन अवसर पर संस्था के प्राचार्य ए.के. बड़ा ने विद्यालय के विकास एवं छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास से संबंधित जानकारी साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से अध्ययन करने, अनुशासन का पालन करने एवं बेहतर भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया।

 

उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं सहित सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिका परमेश्वरी कंवर, संध्या सिंह, अपोलिना टोप्पो, प्रधान पाठक नीरज यादव, विवेक कुमार कैवर्त, बृजभूषण कुर्रे, संगीता सिंह, टानिस कुमार सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षिका शुभद्रा मरावी एवं पूजा बारी ने सफलतापूर्वक किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों को मिष्ठान वितरण किया गया। प्राचार्य ए.के. बड़ा ने सभी का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।

anil sahu
Author: anil sahu