समर कैंप और आकार 2026 का हुआ भव्य समापन, विद्यार्थियों की कलाकृतियों ने जीता दिल

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

भरत लाल गुप्ता 

आकार 2026 और समर कैंप का भव्य समापन, विद्यार्थियों ने कला प्रतिभा का किया शानदार प्रदर्शन

उदयपुर/लखनपुर।पीएम श्री विद्यालय लखनपुर में 1 जून से आयोजित 15 दिवसीय समर कैंप तथा 8 जून से संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग द्वारा संचालित 7 दिवसीय ‘आकार 2026’ कार्यक्रम का रविवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हुआ। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नृत्य, नाटक, चित्रकला, वाद्य यंत्र, क्ले आर्ट, हस्तकला, ड्राई फ्लावर कला, भीटी चित्र, मेहंदी, मृदा शिल्प, गोदना एवं बांस कला सहित विभिन्न पारंपरिक और आधुनिक कला विधाओं का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

कार्यक्रम में 20 कला गुरुओं ने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण प्रदान किया। यह आयोजन संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री प्रतिनिधि राकेश अग्रवाल, राहुल अग्रवाल तथा एसएमडीसी अध्यक्ष रवि अग्रवाल के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।

समापन समारोह में विद्यालय के प्राचार्य एवं आकार प्रभारी अनूप कुमार किंडो, अविनाश वर्मा, आशीष इक्का, शिक्षकों एवं प्रशिक्षार्थियों ने अतिथियों, कला गुरुओं एवं आयोजकों का पुष्प भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर श्री किंडो ने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाकर उसे दैनिक जीवन और स्वरोजगार से जोड़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में सिखाई गई अनेक कला विधाएं व्यावसायिक दृष्टि से भी उपयोगी हैं और युवाओं के लिए आत्मनिर्भरता का माध्यम बन सकती हैं।

उन्होंने बताया कि आकार 2026 का आयोजन केवल लखनपुर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शासकीय बालक हायर सेकेंडरी स्कूल उदयपुर में भी प्रतिदिन शाम 5 बजे से 8 बजे तक संचालित किया गया, जहां विद्यार्थियों ने विभिन्न कला विधाओं का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

समापन समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने नृत्य और नाटक की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। साथ ही प्रशिक्षण अवधि में तैयार की गई कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे सभी अतिथियों ने सराहा।

अंत में प्राचार्य ने सभी कला गुरुओं, अतिथियों, शिक्षकों एवं प्रशिक्षार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए समर कैंप और आकार 2026 को सफल बनाने में उनके योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में भगवती सिंह, राधेश्याम गुप्ता, पारुल सिंह, पुष्पा साहू, अंकिता यादव, निशा राजवाड़े एवं निशा सिंह का विशेष योगदान रहा।

 

anil sahu
Author: anil sahu

जिला प्रतिनिधि सूरजपुर