

भरत लाल गुप्ता
उदयपुर ।विद्या भारती सरस्वती शिशु मंदिर योजना के अंतर्गत सरगुजा में आयोजित 10 दिवसीय “नवीन आचार्य प्रशिक्षण वर्ग” का सफलतापूर्वक समापन हुआ। 2 जून से 12 जून 2026 तक चले इस प्रशिक्षण वर्ग में पांच जिलों के 50 विद्यालयों से कुल 46 आचार्य-दीदियों ने सहभागिता की। इनमें 28 कार्यरत एवं 18 नवीन आचार्य-दीदी शामिल रहे।
प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य आचार्य-दीदियों के शारीरिक, बौद्धिक, मानसिक एवं शैक्षिक विकास के माध्यम से उन्हें विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण एवं संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान करने के लिए तैयार करना था। वर्ग की दिनचर्या प्रतिदिन प्रातः 4:30 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक निर्धारित रही, जिसमें अनुशासन, शिक्षण कौशल, व्यक्तित्व विकास तथा विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों का समावेश किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों का एक वर्षीय सतत प्रशिक्षण भी संपन्न कराया गया।
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान प्रांत प्रमुख संतोष निसाद, बुधनाथ भगत, प्रांतीय सदस्य एवं जिलाध्यक्ष ग्राम भारती सरगुजा ददई राम कुशवाहा, जिला सचिव हेगमन राजवाड़े, विभाग समन्वयक राजेश मिश्रा तथा प्रमोद ओझा ने विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। शिक्षण कार्य को सरल, प्रभावी और गतिविधि-आधारित बनाने पर विशेष बल दिया गया।

वर्ग के सफल संचालन में जिला समन्वयक जगदीश यादव, कोरिया जिला प्रभारी फूलचंद पकरिया, चांदो विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील कुमार किंज, आचार्य नंदलाल दुबे, प्रधानाचार्य जमेड़ी सिंगल जा, राम कुरवां विद्यालय के आचार्य महेश कुशवाहा तथा श्रीमती मीना दीदी का उल्लेखनीय योगदान रहा।
प्रशिक्षण वर्ग के समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव को विद्यालयों में लागू कर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर




