

भरत लाल गुप्ता
शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और गौसेवा के क्षेत्र में संस्था के कार्यों की ग्रामीण अंचलों में हो रही सराहना
सरगुजा। जिले के उदयपुर विकासखंड में समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय ग्रामीण युवा जन कल्याण समिति, उदयपुर ने अपने 17 वर्षों के गौरवशाली सफर में जनहित एवं लोककल्याण से जुड़े अनेक सराहनीय कार्य कर क्षेत्र में एक अलग पहचान बनाई है। संस्था द्वारा ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, गौसेवा एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में लगातार उल्लेखनीय योगदान दिया जा रहा है।
समिति ने समय-समय पर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, नशामुक्ति जागरूकता अभियान तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरण कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को जागरूक करने का कार्य किया है। इसके साथ ही जरूरतमंद एवं गरीब परिवारों की सहायता कर मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया गया है।
युवाओं को समाज के प्रति जिम्मेदार एवं जागरूक बनाने के उद्देश्य से संस्था द्वारा विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम, संगोष्ठियां एवं सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाती रही हैं। शिक्षा के क्षेत्र में भी संस्था ने विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरण, प्रोत्साहन एवं कैरियर मार्गदर्शन जैसे कार्यों के माध्यम से सहयोग प्रदान किया है।
ग्रामीण क्षेत्रों में गौ संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए समिति द्वारा गौधाम संचालन, गौसेवा एवं पशु संरक्षण संबंधी गतिविधियों का सफल संचालन किया जा रहा है। वहीं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से हजारों पौधों का रोपण एवं संरक्षण कर संस्था ने प्रकृति संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की है।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक जागरूकता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि संस्था आगे भी पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ जनहित और समाजसेवा के कार्य करती रहेगी।
ग्रामीण युवा जन कल्याण समिति के 17 वर्षों का यह सफर समाजसेवा, जनकल्याण एवं मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पण का प्रतीक बनकर क्षेत्र में प्रेरणास्रोत के रूप में स्थापित हुआ है। संस्था को इस मुकाम तक पहुंचाने में संस्था के पदाधिकारी तपेसिया सिरदार, कन्हाई राम बंजारा, भरतलाल गुप्ता, मनोहर प्रजापति, बीरबल राम, इनिता यादव, सहोद्री पावले, श्यामकुवंर, पारस राम एवं समस्त कार्यकारिणी सदस्यों का योगदान सराहनीय रहा है।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर





