

अनिल साहू
वरिष्ठजनों, मातृशक्ति और युवाओं की गरिमामय उपस्थिति में समाजहित एवं संगठन को सशक्त बनाने का लिया संकल्प-
सूरजपुर। स्थित मंगल भवन में तहसील साहू संघ सूरजपुर के नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, मातृशक्ति, युवा साथियों एवं बड़ी संख्या में समाजजनों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने समाज की एकता, संगठन एवं सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की शपथ ली।

समारोह के मुख्य अतिथि जिला साहू संघ के जिलाध्यक्ष रामलल्लू साहू ने अपने संबोधन में कहा कि साहू समाज का इतिहास परिश्रम, सामाजिक सेवा और गौरवशाली परंपराओं से समृद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में साहू समाज सबसे बड़े एवं संगठित समाजों में से एक है, जिसकी वास्तविक शक्ति उसकी एकजुटता, शिक्षा और संस्कारों में निहित है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से समाजहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सेवा, समर्पण और संगठन की भावना से कार्य करने का आह्वान किया।

प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं संरक्षक रामकृपाल साहू ने अपने उद्बोधन में दानवीर भामाशाह के त्याग और राष्ट्रसेवा का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर सेवा, सहयोग, त्याग और राष्ट्रभक्ति की भावना को आगे बढ़ाना चाहिए।
नवनियुक्त तहसील साहू संघ सूरजपुर के अध्यक्ष ओमप्रकाश साहू ने समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत करना, युवाओं को समाज से जोड़ना, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना तथा समाज के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं समाजजनों के सहयोग से संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का विश्वास व्यक्त किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन बीरेंद्र साहू ने किया। समारोह के समापन पर समाज की एकता, संगठन और सामाजिक समरसता का प्रेरणादायी संदेश दिया गया।
इस अवसर पर जिला साहू संघ के संरक्षक रामबिलास साहू, जोखनलाल साहू, हंसराज साहू, कार्यकारिणी अध्यक्ष गैबीनाथ साहू, जिला उपाध्यक्ष रामकृपाल (रामू) साहू, बनवारीलाल गुप्ता, महिला जिला उपाध्यक्ष देवमुनिया साहू, महामंत्री दुर्गा साहू, जिला महामंत्री राजेश साहू, संगठन मंत्री रामप्राण साहू, नगर अध्यक्ष मुरारी साहू सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
साथ ही ओड़गी तहसील अध्यक्ष राजेश साहू, भैयाथान तहसील अध्यक्ष सौरभ साहू, रामानुजनगर तहसील अध्यक्ष बिरजाराम साहू, प्रेमनगर तहसील अध्यक्ष राजपाल साहू, जिला संगठन सचिव रमेश साहू, जिला मीडिया प्रभारी सुरेंद्र साहू, तहसील सह मीडिया प्रभारी खुशवंत साहू, तहसील मीडिया प्रभारी सौरभ साहू (मोंटू) सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग समारोह में शामिल हुए।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर






