

अनिल साहू
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ राज्य बार काउंसिल चुनाव 2025 के अंतर्गत सितंबर माह में हुए मतदान में कुल 105 प्रत्याशियों में से 25 अधिवक्ताओं को निर्वाचित होना था, जिसमें सूरजपुर के वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल गोयल ने शानदार जीत दर्ज की। उनके निर्वाचित होते ही सूरजपुर में खुशी की लहर दौड़ गई और अधिवक्ताओं ने पटाखे फोड़कर अपनी खुशी का इजहार किया। इसके बाद जिला अधिवक्ता संघ द्वारा अधिवक्ता कक्ष में न्यायाधीशगण एवं अधिवक्ताओं की उपस्थिति में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें अनिल गोयल का शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला अधिवक्ता संघ सूरजपुर के अध्यक्ष बलराम शर्मा ने कहा कि श्री गोयल के स्टेट बार काउंसिल सदस्य बनने से संपूर्ण अधिवक्ता समाज तथा सूरजपुर जिला गौरवान्वित हुआ है। यह उपलब्धि पहली बार सूरजपुर को प्राप्त हुई है। उन्होंने चुनाव अधिकारी सुमित कुमार हसियाना एवं सभी सहयोगियों का आभार भी व्यक्त किया।इस दरम्यान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती विनिता वार्नर ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें प्रारंभ से ही भरोसा था कि श्री गोयल विजयी होंगे। उन्होंने कहा कि स्टेट बार काउंसिल में श्री गोयल की उपस्थिति से जिला अधिवक्ता संघ को अनेक लाभ प्राप्त होंगे तथा विशेषकर नवोदित अधिवक्ताओं को मार्गदर्शन मिलेगा।वहीं विजयी प्रत्याशी अनिल कुमार गोयल ने अपने उद्बोधन में कहा-यह जीत मेरी नहीं, बल्कि सूरजपुर अधिवक्ता संघ की एकजुटता और विश्वास की जीत है। मैं आश्वस्त करता हूँ कि अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान हेतु सदैव संघर्षरत रहूंगा और सूरजपुर की आवाज स्टेट बार में मजबूती से रखूंगा।कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ अधिवक्ता, न्यायाधीशगण एवं कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सम्मान समारोह के दौरान पूरा परिसर तालियों की गूंज और उत्साह से भरा हुआ था।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर




