
सूरजपुर जिले को मिली स्वास्थ्य सेवा की बड़ी सौगात, अब जरूरतमंदों के द्वार तक पहुंचेगा रेडक्रॉस इलाज
डॉक्टर आपके द्वार मोबाइल मेडिकल यूनिट से दूरस्थ अंचलों को मिलेगी राहत, राज्यपाल रमेन डेका और राज्य चेयरमैन तोमन साहू के प्रति रेडक्रॉस ने जताया आभार
आरईसी फाउंडेशन लिमिटेड के सीएसआर मद से मिली मोबाइल मेडिकल यूनिट, राज्य प्रतिनिधि अशोक अग्रवाल और जिला चेयरमैन बाबूलाल अग्रवाल के प्रयासों से साकार हुई पहल
रामानुजनगर। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अब चिकित्सा सुविधाओं से वंचित और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की जिला शाखा को ‘डॉक्टर आपके द्वार’ मोबाइल मेडिकल यूनिट की सौगात मिली है। यह पहल उन परिवारों के लिए विशेष राहत लेकर आई है, जिन्हें इलाज के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत शुरू की गई इस व्यवस्था से ग्रामीण अंचलों, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की उम्मीद मजबूत हुई है।
इस मोबाइल मेडिकल यूनिट की उपलब्धता में माननीय महामहिम राज्यपाल श्री रमेन डेका, राज्य चेयरमैन तोमन साहू तथा आरईसी फाउंडेशन लिमिटेड की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कंपनी के कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) मद से प्राप्त इस वाहन को जिले तक पहुंचाने में रेडक्रॉस के राज्य प्रतिनिधि एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अशोक अग्रवाल और सूरजपुर जिला चेयरमैन बाबूलाल अग्रवाल ने अथक प्रयास किए। इनके प्रयासों से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए एक नई राह खुली है।
जिला चिकित्सालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने ‘डॉक्टर आपके द्वार’ एंबुलेंस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। मोबाइल मेडिकल यूनिट का उद्देश्य जरूरतमंदों को उनके नजदीकी क्षेत्र में चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को अधिक व्यापक बनाना है।
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ जनकल्याणकारी पहल
कार्यक्रम के दौरान रेडक्रॉस में एक एमबीबीएस चिकित्सक, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट तथा ड्राइवर सह प्रशासनिक कर्मचारी सहित चार लोगों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कमलपुर और उप स्वास्थ्य केंद्र चंद्रामेढ़ा का लोकार्पण किया गया। हमार लैब तथा मेगा हेल्थ चेकअप कैंप का भी शुभारंभ हुआ। स्वास्थ्य मंत्री ने जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर उपचार व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
समारोह में जरूरतमंदों को सहायता सामग्री देकर जनसेवा की भावना को भी मजबूती दी गई। दिव्यांगजनों को मोटर ट्राईसाइकिल, चश्मे, श्रवण यंत्र और सपोर्ट स्टिक वितरित किए गए। वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान वय वंदना कार्ड तथा टीबी मरीजों और निश्चय मित्रों को पोषण किट प्रदान की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गोद भराई कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को भी आवश्यक सामग्री देकर लाभान्वित किया गया।
जिला चिकित्सालय में मरीजों और उनके परिजनों को सालभर भोजन एवं नाश्ता उपलब्ध कराने वाले वरिष्ठ नागरिक संघ, नेचर क्लब तथा मां भगवती योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। रक्तदान और अंगदान के क्षेत्र में योगदान देने वाले रक्तवीरों एवं अंगवीरों को सेवा सम्मान पत्र प्रदान किए गए। वहीं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया
राज्यपाल, राज्य चेयरमैन और पूरी टीम के प्रति जताया आभार
‘डॉक्टर आपके द्वार’ मोबाइल मेडिकल यूनिट की उपलब्धता पर कलेक्टर एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी जिला शाखा की अध्यक्ष श्रीमती रैना जमील, जिला शाखा चेयरमैन बाबूलाल अग्रवाल तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं जिला शाखा सचिव प्रशांत सिंह ने हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने माननीय महामहिम राज्यपाल श्री रमेन डेका, राज्य चेयरमैन तोमन साहू, राज्य प्रबंध समिति सदस्य अशोक अग्रवाल, राज्य शाखा कार्यालय, आरईसी फाउंडेशन लिमिटेड तथा इस पूरी पहल से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रति हृदय से धन्यवाद और आभार प्रकट किया।
उन्होंने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को अधिक सुलभ बनाने के लिए राज्य स्तर पर मिला सहयोग महत्वपूर्ण है। मोबाइल मेडिकल यूनिट की उपलब्धता से जनसेवा के कार्यों को नई मजबूती मिलेगी और जरूरतमंद लोगों तक चिकित्सा सहायता पहुंचाने के प्रयासों को विस्तार दिया जा सकेगा। इस उपलब्धि के पीछे राज्य नेतृत्व के मार्गदर्शन, सहयोगी संस्थाओं के योगदान और रेडक्रॉस के पदाधिकारियों के निरंतर प्रयासों का महत्वपूर्ण स्थान है।
शहर से दूर गांवों तक पहुंचे उपचार, तभी सार्थक होगी पहल
सूरजपुर जिले के कई ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचना आज भी लोगों के लिए चुनौती बना रहता है। ऐसे में मोबाइल मेडिकल यूनिट जरूरतमंदों के लिए राहत का माध्यम बन सकती है। हालांकि, इसका वास्तविक लाभ तभी सुनिश्चित होगा, जब वाहन का नियमित संचालन हो, चिकित्सकीय दल समय पर उपलब्ध रहे और जरूरत के अनुसार गांवों तक पहुंचकर लोगों को जांच, परामर्श तथा आवश्यक उपचार की सुविधा प्रदान करे।
रेडक्रॉस की यह पहल इस सोच को आगे बढ़ाती है कि आर्थिक परेशानी, दिव्यांगता या दूरी किसी व्यक्ति के इलाज में बाधा नहीं बननी चाहिए। सूरजपुर को मिली यह सौगात स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का भी संदेश देती है।
कार्यक्रम में राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि पैकरा, भाजपा प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी शिवनाथ यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष रामकृपाल साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती रेखा राजलाल राजवाड़े, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती स्वाति संत सिंह, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती कुसुमलता राजवाड़े, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष मनमत बछाड़, शिवनंदनपुर नगर पंचायत अध्यक्ष रितेश जायसवाल, विश्रामपुर नगर पंचायत उपाध्यक्ष दीपेंद्र सिंह चौहान, वाइस चेयरमैन ओंकार पांडेय, आईआरसीएस कोषाध्यक्ष श्रवण जैन, वरिष्ठ समाजसेवी भोला प्रसाद अग्रवाल, हरिदास अग्रवाल, अनिल गोयल, थलेश्वर साहू, अशोक सिंह, संत सिंह, अजय श्याम, सतनारायण जायसवाल, शशिनाथ तिवारी, दीपक गुप्ता, कपिल पांडेय, रामानंद जायसवाल, ललित गोयल, कृष्ण कुमार गोयल (बल्लू), मुकेश गर्ग, प्रवेश गोयल, राजीव प्रताप सिंह, अजय अग्रवाल, अरविंद मिश्रा, नीरज तायल, यशवंत प्रताप सिंह, मनोज अग्रवाल, विकास अग्रवाल, नितेश गुप्ता, श्रीमती नूतन विश्वास, श्रीमती बीना गुप्ता, श्रीमती संध्या सिंह, डॉ. एच.एन. चतुर्वेदी, एल्डरमैन शिवशंकर साहू, पूर्व पार्षद अशरफ इराकी, विजय राजवाड़े, हरीश राजवाड़े, सतेंद्र राजवाड़े, सुनील साहू, सावन गोयल, राजीव बंसल, पार्षद पवन साहू, संस्कार अग्रवाल, शान्तनु सिंह चौहान और रंजन सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, रेडक्रॉस प्रबंध समिति के सदस्य, आजीवन सदस्य, पत्रकार, मीडिया प्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




