

अनिल साहू
सूरजपुर। जिले में अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
साल्ही-जनार्दनपुर मोड़ के पास हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तारा चौकी क्षेत्र अंतर्गत साल्ही-जनार्दनपुर मोड़ के पास यह दर्दनाक हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि बाइक सवार दोनों युवक तारा से उदयपुर घाट बर्रा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद वाहन सहित फरार हुआ चालक
दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही तारा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों का पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रेमनगर भेजा गया।
फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल तारा चौकी पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने के लिए प्रयासरत है। हादसे के कारणों का पता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।





