

अनिल साहू
मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण समारोह में उत्कृष्ट शिक्षकों को मिला सम्मान — नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने कलेक्टर ने की पुरस्कारों की घोषणा
सूरजपुर। जिला स्तरीय मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण अंतर्गत शिक्षक सम्मान समारोह 2026 का आयोजन मंगल भवन सूरजपुर में गरिमामय वातावरण में किया गया। समारोह में जिले के प्राथमिक शालाओं के 18 शिक्षकों को शिक्षादूत पुरस्कार तथा माध्यमिक शालाओं के 3 चयनित शिक्षकों को ज्ञानदीप पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय सूरजपुर को भी विशेष पुरस्कार से नवाजा गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती रेखा राजलाल राजवाड़े, डिप्टी कलेक्टर रमेश मोर, एडिशनल एसपी योगेश कुमार देवांगन सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर माल्यार्पण, पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात वंदे मातरम एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया।

गुरु के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान
मुख्य अतिथि भूलन सिंह मरावी ने अपने संबोधन में गुरु की महिमा का उल्लेख करते हुए शिक्षकों से विद्यार्थियों को सही दिशा प्रदान करने और उन्हें सर्वांगीण विकास के पथ पर आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वहीं जिला कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने शिक्षकों को विद्यार्थियों में बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा देने की बात कही। उन्होंने शिक्षकों से नित नए नवाचार करने, नवीन टीएलएम तैयार करने तथा छात्र हित में उनका प्रभावी उपयोग करने का आह्वान किया।
कलेक्टर ने आने वाले समय में नवाचार प्रदर्शन आयोजित करने की बात कहते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नवाचारी शिक्षकों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमशः ₹5000, ₹3000 एवं ₹2000 नगद राशि देने की घोषणा भी की।
18 शिक्षकों को शिक्षादूत, 3 को ज्ञानदीप पुरस्कार
मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण के तहत प्राथमिक शालाओं के शिक्षकों को ₹5000 नगद राशि, प्रशस्ति पत्र एवं शाल-श्रीफल प्रदान कर शिक्षादूत पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं माध्यमिक शालाओं के चयनित शिक्षकों को ₹7000 सहयोग राशि, प्रशस्ति पत्र एवं शाल-श्रीफल देकर ज्ञानदीप पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

शिक्षादूत पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक:
भैयाथान से सतीश प्रताप सिंहदेव, जुगेंद्र कुमार सोनी एवं श्रीमती मंजूलता साहू; ओड़गी से जगन्नाथ सिंह, दीपक राम राजवाड़े एवं महिपाल; प्रेमनगर से सुश्री सुधा सिंह, रघुवीर सिंह एवं कैलाश राम साहू; प्रतापपुर से लालसाय, श्रीमती अंजेला लकड़ा एवं श्रीमती शांति सिंह; रामानुजनगर से श्रीमती उर्मिला सिंह, विश्वनाथ सिंह एवं श्रीमती नीलू ठाकुर तथा सूरजपुर विकासखंड से श्रीमती सुमित्रा गुप्ता, कन्नीलाल सिंह एवं श्रीमती जीवंती एक्का को सम्मानित किया गया।
ज्ञानदीप पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक:
रामानुजनगर से श्रीमती रुक्मणी सिंह, सूरजपुर से श्रीमती एम. टोप्पो तथा भैयाथान विकासखंड से बृजेंद्र भारती को ज्ञानदीप पुरस्कार प्रदान किया गया।

कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय को विशेष सम्मान
समारोह में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय सूरजपुर को विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पुरस्कृत शिक्षक, उनके परिजन, बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुरली मनोहर सोनी एवं शशिकांत गर्ग ने भी संबोधित किया। स्वागत उद्बोधन जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती लता बेक ने प्रस्तुत किया। मंच संचालन सीमांचल त्रिपाठी ने किया तथा सहायक संचालक अजय सिंह ने आभार व्यक्त किया। अंत में राजगीत के सामूहिक गायन के साथ समारोह का समापन हुआ।





