स्काईरिच स्कूल उदयपुर में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का भव्य अभिनंदन, शाला प्रवेश उत्सव में शिक्षा-संस्कार का दिखा सुंदर संगम

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

भरत लाल गुप्ता 

उदयपुर।शहर के मध्य स्थित स्काईरिच एजुकेशन हायर सेकेंडरी स्कूल, उदयपुर में शनिवार को “शाला प्रवेश अभिनंदन स्वागत उत्सव” हर्षोल्लास, धार्मिक वातावरण एवं भारतीय संस्कृति की गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर KG-1 से कक्षा 12वीं तक के नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक, पुष्प एवं मिठाई से आत्मीय स्वागत किया गया। समारोह में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्या की अधिष्ठात्री मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। विद्यालय की नन्ही बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत मंत्रोच्चारण ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक एवं संस्कारमय बना दिया।

गरिमामयी रही अतिथियों की उपस्थिति

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह रहे, जबकि समारोह की अध्यक्षता समाजसेविका कल्पना भदोरिया ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. आलम, क्रांति रावत एवं माता चंपा देवी जायसवाल उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य राम प्रसाद गुप्ता, सामाजिक कार्यकर्ता कन्हाई बंजारा, पत्रकार भरत गुप्ता, उप-प्राचार्या श्रीमती अनीता वर्मा, प्रधानाचार्या श्रीमती अरुणि वर्मा सहित विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत

अतिथियों का अक्षत, तिलक, पुष्पगुच्छ एवं श्रीफल से स्वागत किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का मंगल तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर एवं शुभकामनाएं देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

 

शिक्षा के साथ संस्कार पर दिया गया विशेष जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य राम प्रसाद गुप्ता ने कहा कि स्काईरिच स्कूल केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कृति, संस्कार और व्यक्तित्व निर्माण का पावन संगम है, जहां विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्य अतिथि ओम प्रकाश सिंह ने विद्यालय की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि यहां शिक्षा के साथ नैतिक एवं आध्यात्मिक मूल्यों का समावेश विद्यार्थियों को एक जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा देता है।

डॉ. आलम ने विद्यालय में योग, पीटी, खेलकूद एवं स्वास्थ्य गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए यह प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं।

समारोह की अध्यक्ष कल्पना भदोरिया ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मबोध, नैतिकता और मानवीय मूल्यों का विकास करना है तथा स्काईरिच स्कूल इस दिशा में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है।

वहीं क्रांति रावत ने विद्यार्थियों के अनुशासन एवं वैदिक मंत्रोच्चारण की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज के यही नन्हे विद्यार्थी भविष्य में राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। भारत की विविध संस्कृति को गीत एवं नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नवप्रवेशी छात्रों का स्वागत करते हुए प्रेरणादायी संदेश भी दिए।

समारोह का समापन शांति पाठ एवं आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालय परिवार का सराहनीय योगदान रहा।

anil sahu
Author: anil sahu

सबसे ज्यादा पड़ गई