

भरत लाल गुप्ता
शिक्षक दिवस पर हुआ भव्य सम्मान समारोह, विद्यार्थियों ने शिक्षिकाओं के प्रति जताया आभार
उदयपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर स्कायरिच एजुकेशन सेंटर उदयपुर के हायर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षक सम्मान समारोह का गरिमामय एवं भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य रामप्रसाद गुप्ता, डायरेक्टर श्यामाचरण गुप्ता, समाजसेवी भरतलाल गुप्ता, कन्हाई राम बंजारा एवं मनोहर प्रजापति सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्टाफ उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान अतिथियों द्वारा विद्यालय की शिक्षिकाओं एवं समस्त स्टाफ को साल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने पर शिक्षिकाओं के चेहरे पर खुशी एवं उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता एवं आभार व्यक्त किया। इस दौरान विद्यालय परिसर का वातावरण गुरु-शिष्य के आत्मीय संबंध और सम्मान की भावना से सराबोर रहा।
शिक्षक विद्यार्थियों के भविष्य के मार्गदर्शक : रामप्रसाद गुप्ता
विद्यालय के प्रधानाचार्य रामप्रसाद गुप्ता ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक होते हैं। उनके मार्गदर्शन और संस्कारों से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव तैयार होती है। शिक्षक केवल पाठ्यक्रम का ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, संस्कार, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का सम्मान करना केवल विद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है।
शिक्षक दिवस का आयोजन खुशी का पल : श्यामाचरण गुप्ता
विद्यालय के डायरेक्टर श्यामाचरण गुप्ता ने कहा कि शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों एवं स्टाफ का सम्मान करना उनके लिए बेहद खुशी और गौरव का पल है। शिक्षकों की मेहनत एवं समर्पण से ही विद्यालय निरंतर प्रगति की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त स्टाफ की भूमिका की सराहना करते हुए सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।
सम्मान पाकर शिक्षिकाओं ने जताई खुशी
उप प्राचार्य अनिता वर्मा ने शिक्षक सम्मान समारोह में सम्मानित होने पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए बेहद सुखद एवं भावुक कर देने वाला क्षण है। वहीं शिक्षिका अंजू सिंह ने कहा कि विद्यालय के बच्चे प्रतिभावान होने के साथ-साथ सहयोगी भी हैं। बच्चों के साथ शिक्षण कार्य करना उनके लिए हमेशा सुखद अनुभव रहा है।
स्टाफ की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम को सफल बनाने में सुशीला, सुमित्रा, ममता, मंजू, सुबीना, राजकुमारी, शिवानी, सुषमा, सविता, वीणा, सोनू, तुलसी, सरस्वती, प्रतिमा, सुनीता, अनिता, रोशनी, भावना, आरूणी, पलक, ललिता, अंजू, प्रीति, भूपेंद्र सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह ने गुरुजनों के प्रति सम्मान एवं विद्यार्थियों के मन में शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता की भावना को और मजबूत किया।





