17 साल तक गांव के बच्चों का भविष्य संवारा, सेवानिवृत्ति पर प्रधान पाठक रामविचार यादव को भावभीनी विदाई

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

भरत लाल गुप्ता

गृहग्राम मानपुर में सम्मान समारोह, शाल-श्रीफल व स्मृति चिन्ह भेंटकर किया सम्मान; ग्रामवासियों ने याद किया शिक्षा के क्षेत्र में योगदान

उदयपुर। विकासखंड उदयपुर के ग्राम पंचायत मानपुर स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रधान पाठक रामविचार यादव के सेवानिवृत्त होने पर ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों, विद्यालय परिवार एवं ग्रामवासियों द्वारा भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर ग्राम पंचायत मानपुर की उपसरपंच एवं स्थायी शिक्षा समिति की सभापति सुभ्रा सिंह के नेतृत्व में सम्मान समारोह आयोजित कर सेवानिवृत्त प्रधान पाठक को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।

रामविचार यादव ने अपने लंबे सेवाकाल में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनका जन्म एवं प्रारंभिक जीवन ग्राम मानपुर में ही बीता। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने शिक्षा हासिल की और 2 फरवरी 1982 को सहायक शिक्षक के रूप में शासकीय सेवा में प्रवेश किया। इसके बाद 16 दिसंबर 2009 को अपने ही गृहग्राम मानपुर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में प्रधान पाठक का दायित्व संभाला। वे 30 सितंबर 2026 तक लगातार शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं देते रहे।

गांव के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने में निभाई अहम भूमिका

अपने ही गांव में लगभग 17 वर्षों तक प्रधान पाठक के रूप में सेवाएं देते हुए रामविचार यादव ने अनेक बच्चों को शिक्षित किया तथा ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ग्रामवासियों एवं जनप्रतिनिधियों ने उनके सरल व्यवहार, कार्यकुशलता और शिक्षा के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम में सभापति सुभ्रा सिंह ने कहा कि रामविचार यादव ने अपने लंबे सेवाकाल में गांव के बच्चों को शिक्षित करने के साथ समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने सेवानिवृत्त प्रधान पाठक के स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना करते हुए भविष्य में भी अपने अनुभवों से समाज एवं ग्राम विकास में योगदान देने की अपील की।

तत्कालीन सचिव बाबूलाल दास ने भी उनके शिक्षक के रूप में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।

सेवानिवृत्ति के बाद भी समाज को मार्गदर्शन देने की अपील

सेवानिवृत्त प्रधान पाठक रामविचार यादव ने अपने संबोधन में बचपन से लेकर शिक्षक के रूप में शासकीय सेवा तक के सफर को याद किया। उन्होंने कहा कि अपने ही गांव के विद्यालय में वर्ष 2009 से 2026 तक प्रधान पाठक के रूप में सेवा करने का अवसर उनके लिए सौभाग्य की बात रही। उन्होंने सम्मान एवं विदाई समारोह के आयोजन के लिए ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों, विद्यालय परिवार एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

उनकी सेवानिवृत्ति के पश्चात पूर्व माध्यमिक विद्यालय मानपुर में सहायक शिक्षक कमल कुमार यादव को प्रभारी प्रधान पाठक का दायित्व सौंपा गया।

इस अवसर पर सरपंच भूलन राम, संकुल केंद्र प्रभारी कमलेश सोनी, सेवानिवृत्त शिक्षक एवं वरिष्ठ नागरिक छोटेलाल दुबे, महेशपुर संकुल समन्वयक सुरीत राजवाड़े, तत्कालीन सचिव बाबूलाल दास एवं गोपाल राम, वर्तमान सचिव उर्मिला यादव, रोजगार सहायक कौशल्या सिंह सहित अन्य लोगों ने रामविचार यादव का सम्मान किया।

कार्यक्रम में जनपद सदस्य अर्जुन सिंह, शिक्षक रायभान सिंह मरावी, मिलानिया तिग्गा, वरिष्ठ नागरिक रामभोग यादव सहित विद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

anil sahu
Author: anil sahu