

अनिल साहू
सूरजपुर। आगामी 23 से 25 मार्च तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय कुदरगढ़ महोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने तेजी दिखानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में कलेक्टर एस. जयवर्धन की अध्यक्षता में बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में महोत्सव से जुड़ी सभी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
23 मार्च को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रस्तावित आगमन को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए गए।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से मंच निर्माण, स्टॉल व्यवस्था और पार्किंग प्रबंधन की प्रगति की जानकारी ली गई। वहीं, पेयजल व्यवस्था को लेकर कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्याप्त पानी के टैंकर पहले से उपलब्ध कराए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र सिंह पाटले, संयुक्त कलेक्टर पुष्पेंद्र शर्मा, डिप्टी कलेक्टर रमेश मोर सहित अन्य विभागीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
प्रशासन ने महोत्सव को सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर




