

भरत लाल गुप्ता
उदयपुर। विकासखंड उदयपुर के अंतर्गत आने वाले सलका स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल, जिसे क्षेत्र का शैक्षणिक हब माना जाता है, वहां मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। खासकर खेलकूद के लिए स्टेडियम की व्यवस्था न होने से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
स्कूल परिसर में वर्तमान सत्र 2026 में लगभग 808 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, जिनमें पीएम श्री अंतर्गत 67, मिडिल स्कूल में 167 तथा हायर सेकेंडरी में 565 विद्यार्थी शामिल हैं। पिछले कई वर्षों से यहां विद्यार्थियों की संख्या 1000 के आसपास बनी हुई है, बावजूद इसके खेलकूद के लिए समुचित स्टेडियम या ग्राउंड की व्यवस्था नहीं की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि स्टेडियम के अभाव में बच्चों के मानसिक, शारीरिक और शैक्षणिक विकास पर असर पड़ रहा है। लंबे समय से इस मांग को लेकर कई बार शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है, जिससे अभिभावकों और विद्यार्थियों में निराशा का माहौल है।
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए 17 मार्च को आयोजित ग्रामसभा में इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में सामाजिक कार्यकर्ता भरत लाल गुप्ता, एसएमडीसी अध्यक्ष कमलेश जायसवाल, उप सरपंच खिलावन निषाद, पूर्व सरपंच राम सिंह, मुन्नाराम, सरस्वती शिशु मंदिर के अध्यक्ष बनारसी दास धर्म सिंह सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामसभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर शासन से मांग की गई कि हायर सेकेंडरी स्कूल सलका परिसर में लगभग 1000 विद्यार्थियों के लिए शीघ्र ही ब्लॉक स्तरीय खेलकूद स्टेडियम का निर्माण कराया जाए, ताकि बच्चों को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें और उनका समुचित विकास सुनिश्चित हो सके।





