
सूरजपुर अनिल साहू रामानुजनगर – पांच सौ सालों के लंबे इंतजार के बाद आगामी 22 जनवरी को अयोध्या में होने जा रहे भव्य श्री राम मंदिर निर्माण एवं प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भक्तों एवं देश वासियों को आमंत्रित करने के लिए गांव गांव और घर घर तक अक्षत कलश एवं निमंत्रण पत्र पहुंचाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। इसी कड़ी में सूरजपुर जिले के गांव गांव में जय श्री राम के उद्घोष से पूरा जिला राममय हो गया है। अक्षत कलश एवं आमंत्रण पत्र पहुंचाने को लेकर सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक क्षेत्र से जुड़े लोग घर घर तक पहुंचने लगे हैं। सूरजपुर जिले के रामानुजनगर प्रखंड स्थित नारायणपुर, भुवनेश्वरपुर सहित अन्य ग्रामों के सामाजिक कार्यकर्ताओ ने पूरे गांव में अक्षत कलश एवं आमंत्रण पत्र वितरित किया। इस कार्यक्रम से गांवों में समाजिक समरसता बढ़ रही है। इस दौरान रामबिलास साहू, रामनिवास साहू, विजय साहू सहित अन्य भक्त प्रेमियों ने सैकड़ों लोगों को अक्षत कलश एवं निमंत्रण पत्र भेंट किया।
भव्य राम मंदिर के निर्माण एवं प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरे जिले में खुशी की लहर है और लोग उत्साह और उमंग के साथ प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दिन दीपावली मनाने की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर



