

अनिल साहू
सूरजपुर। विकासखण्ड रामानुजनगर के ग्राम मोहनपुर स्कूल के पास रामानुजनगर पुलिस ने मवेशियों की तस्करी कर रहे पिकअप वाहन को धर दबोचा। मामले में पुलिस ने 7 नग मवेशी जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चालक फरार हो गया, उसकी तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली श्यामपुर से तस्करों द्वारा पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 15 डीबी 1709 में मवेशियों को लोड कर झारखंड ले जाया जा रहा है। इस पर पुलिस टीम ने मोहनपुर स्कूल के पास घेराबंदी की तो चालक वाहन खड़ा कर फरार हो गया, जबकि दो अन्य सवार वहदत अली निवासी सुरता पटेलपारा व अरविंद यादव निवासी ग्राम श्यामपुर पकड़े गए। पुलिस ने इन दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 7 नग मवेशी लोड पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। इसके बाद मवेशियों को पस्ता गौठान भेज दिया गया। मामले में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4,6,10 एवं पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 (1) के तहत कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं फरार चालक की तलाश जारी है। कार्रवाई में रामानुजनगर थाना प्रभारी प्रकाश राठौर, एएसआई मनोज पोर्ते, माधव सिंह, आरक्षक दीपक यादव व कौशलेंद्र सिंह सक्रिय रहे।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर



