

अनिल साहू
सूरजपुर। शनिवार को रिंग रोड स्थित भगवान शिव परशुराम मंदिर में उत्साह के साथ स्थापना दिवस मनाया गया। इस मौके पर सुबह से ही पूजा पाठ का दौर चलता रहा जबकि शाम को भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, वहीं रात में जगराते का आयोजन किया गया। भगवान शिव परशुराम मंदिर के स्थापना दिवस पर भगवान भोलेनाथ व परशुराम जी का अभिषेक वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। इस दौरान भगवान शिव व परशुराम जी का महाश्रृंगार किया गया। ततपश्चात हवन, ध्वजारोहण के बाद महाआरती की गई। आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या
में श्रद्धालु जुटे थे। दोपहर 3 बजे से मातृ शक्ति द्वारा छोटे बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें बच्चों ने शिव, पार्वती, श्रीराम, जानकी, हनुमान जी सहित अन्य देवी देवताओं का रूप धारण कर सबको मोहित कर लिया। महिला वर्ग की रंगोली प्रतियोगिता में पर्यावरण, नारी स्वाभिमान सहित अन्य ज्वंलत विषयों पर आधारित आकर्षक रंगोली बनाई गई। अपराह्न में परशुराम युवा वाहिनी द्वारा आकर्षक झांकी से सुसज्जित श्री शिव परिवार एवं परशुराम जी की भव्य शोभायात्रा श्री परशुराम धाम से निकाली गई। जो नगर के सभी मुख्य मार्गो के भ्रमण पश्चात परशुराम धाम वापस पहुंचीं, जहां संध्याकाल महाआरती एवं महाप्रसाद का भोग का आयोजन किया गया।
इस दौरान फैसी ड्रेस एवं रंगोली के प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। रात में नगर की धार्मिक सस्था नवयुवक दुर्गा मण्डल एवं बाहर से आए हुए कलाकारों के द्वारा आकर्षक झाकियों के बीच मनमोहक भजनों की प्रस्तुति दी गई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु झूमते रहे। इस आयोजन में ब्राह्मण समाज के साथ अन्य समाज के लोग भी भागीदार रहे।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर



