कर्मा पर्व पर युवा नेता परमेश्वर यादव ने जरूरतमंदों को किया कपड़ा वितरण

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अनिल साहू

• 200 से अधिक महिला-पुरुष हुए लाभान्वित

• महिलाओं को साड़ी, युवतियों को सूट कपड़ा भेंट

सूरजपुर। कर्मा जैसे पारंपरिक पर्व, जो आदिवासी अंचल की आस्था और संस्कृति से गहराई से जुड़ा हुआ है, उस अवसर पर ग्राम पंचायत द्वारिकापुर में समाजसेवा और मानवीय मूल्यों का अद्भुत संगम देखने को मिला। समाजसेवी एवं युवा नेता परमेश्वर यादव ने गांव के कोटवार, बैगा, पुजारी सहित अन्य जरूरतमंद ग्रामीणों को अंगवस्त्र भेंट कर त्योहार की खुशी को और भी खास बना दिया। आयोजन के दौरान श्री यादव ने पुरुषों को धोती, गमछा जैसे परिधान वितरित किए, वहीं महिलाओं को साड़ी और युवतियों को सूट का कपड़ा उपहार स्वरूप भेंट किया गया। इस अवसर पर उन्होंने लगभग 200 से अधिक महिला-पुरुषों को वस्त्र प्रदान किए। कार्यक्रम में समाज की एकता, भाईचारा और सहयोग की झलक स्पष्ट रूप से देखने को मिली। उल्लेखनीय है कि कर्मा पर्व जहां एक ओर प्रकृति और पर्यावरण के प्रति आस्था का प्रतीक है, वहीं दूसरी ओर यह सामाजिक एकजुटता का भी द्योतक है। ऐसे अवसर पर ग्रामीण समाज की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए वस्त्र वितरण करना एक सराहनीय पहल है। श्री यादव ने कहा कि समाज की सेवा करना ही उनका संकल्प है और भविष्य में भी वे इसी तरह सहयोग करते रहेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्रामीणों का उत्साह और सहयोग उल्लेखनीय रहा। आयोजन में सरपंच रामावतार सिंह, पंच सुखलाल सिंह, विनय दुबे, अनीता सिंह, बंधनों बाई, सुनील साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सहयोगी के रूप में पंच गजेंद्र कुमार राजवाड़े, सुख साय सिंह और महेश साहू भी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने समाजसेवा की इस पहल की खुले शब्दों में सराहना की और कहा कि ऐसे कार्य गांव में आपसी प्रेम और भाईचारा बढ़ाने में मदद करते हैं। कार्यक्रम के दौरान वस्त्र पाकर ग्रामीणों के चेहरों पर मुस्कान झलक रही थी। खासकर महिलाओं ने कहा कि ऐसे समय में जब महंगाई के कारण हर परिवार अपनी आवश्यकताओं को पूरा करने में संघर्ष कर रहा है, समाजसेवियों का यह सहयोग उनके लिए बड़ी राहत है। कोटवार, बैगा और पुजारी समुदाय से जुड़े लोगों ने इसे अपनी परंपराओं के सम्मान के रूप में भी देखा। युवा नेता परमेश्वर यादव ने कहा कि समाज की प्रगति तभी संभव है जब हर वर्ग एक-दूसरे का सहयोग करे। उन्होंने यह भी संकल्प लिया कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे क्षेत्रों में भी समाज के युवाओं और ग्रामीणों के लिए आगे बढ़कर कार्य करेंगे।

anil sahu
Author: anil sahu

जिला प्रतिनिधि सूरजपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *