

अनिल साहू
रामानुजनगर/सोनहत – महादेव सेवा समिति सोनहत, जिला कोरिया (छ.ग.) के तत्वावधान में श्री शिव महापुराण कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन 09 फरवरी से 16 फरवरी 2026 तक आयोजित होगा। कार्यक्रम स्थल स्टेडियम ग्राउंड, सोनहत निर्धारित किया गया है, जहां प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए शिवभक्ति से ओतप्रोत वातावरण रहेगा। आयोजन में प्रतिदिन दोपहर 02 बजे से सायं 06 बजे तक श्री शिव महापुराण कथा का वाचन होगा। कथा वाचक के रूप में आचार्य श्री विनयकान्त त्रिपाठी जी (श्रीधाम वृन्दावन) अपने ओजस्वी प्रवचनों से श्रद्धालुओं को शिव भक्ति, धर्म और संस्कृति का संदेश देंगे।

कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न तिथियों में कलश यात्रा, महात्म्य कथा, शिवलिंग पूजन, शिवनेत्र रुद्राक्ष महिमा, नंदीश्वर अवतार, हनुमान जन्मोत्सव, गणेश जन्मोत्सव, शिव–पार्वती विवाह महोत्सव, द्वादश ज्योतिर्लिंग महोत्सव, पार्थिव शिवलिंग पूजन, देवी चरित्र, हवन एवं पूर्णाहुति जैसे धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। आयोजन में माननीय श्रीमती रेणुका सिंह (विधायक, भरतपुर-सोनहत एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री, भारत सरकार) विशेष रूप से शामिल होंगी। प्रतिदिन रात्रि में भंडारा एवं प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई है। आयोजक समिति ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है। यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।





