

अनिल साहू
परिजनों का आरोप- हत्या कर लटकाया गया, पुलिस ने शुरू की जांच
सूरजपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के महगवां गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 9 माह पहले शादी के बंधन में बंधी नवविवाहिता बबिता का शव घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, बबिता की शादी करीब 9 महीने पहले महगवां निवासी खलेश्वर राजवाड़े से हुई थी। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। परिवार के अन्य सदस्य काम से बाहर गए हुए थे और नवविवाहिता घर में अकेली थी। इसी दौरान उसका शव फंदे से लटका मिला।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। वहीं खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे। बेटी की मौत से आहत परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे हत्या बताया है। उनका कहना है कि बबिता की हत्या कर उसे फांसी पर लटकाया गया है।
मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
क्षेत्र में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं, वहीं पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।





