

अनिल साहू
सूरजपुर। पिछड़ा वर्ग की महिलाओं की राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी को मजबूत बनाने के उद्देश्य से 9 मार्च को न्यू दिल्ली में ओबीसी कांग्रेस राष्ट्रीय महिला प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। यह सम्मेलन सुबह 10:30 बजे कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन ,कोटला मार्ग मे आयोजित होगा, जिसमें देशभर से बड़ी संख्या में महिला प्रतिनिधि भाग लेंगी।
इस सम्मेलन का आयोजन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग की महिलाओं को सामाजिक, राजनीतिक और संगठनात्मक रूप से सशक्त बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। साथ ही महिलाओं की नेतृत्व क्षमता को बढ़ाने और राजनीति में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श होगा।
इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में सूरजपुर नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े भी शामिल होंगी। वे सम्मेलन में भाग लेकर महिलाओं के अधिकार, सशक्तिकरण और संगठन से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगी।
आयोजकों के अनुसार यह राष्ट्रीय सम्मेलन पिछड़ा वर्ग की महिलाओं को एक प्रभावी मंच प्रदान करेगा, जहां वे अपने अनुभव साझा करते हुए समाज और राजनीति में अपनी भागीदारी को और सशक्त बनाने की दिशा में संवाद कर सकेंगी।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर






