निःशुल्क सेवा देने वाली अतिथि शिक्षिका शैली गुप्ता का सम्मान समारोह आयोजित

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

भरत लाल गुप्ता

सलका शासकीय स्कूल में हेल्थकेयर व आईटी विषय पढ़ाने वाले युवाओं को मिला सम्मान

उदयपुर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सलका, विकासखंड उदयपुर में व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत आईटी एवं हेल्थ केयर विषय संचालित हैं। विद्यालय में व्यावसायिक शिक्षकों की अनुपलब्धता के कारण इन विषयों का अध्यापन कार्य विद्यालय के अन्य शिक्षकों द्वारा कराया जा रहा था। इस संबंध में उच्च कार्यालय से संपर्क किया गया, जिस पर शीघ्र ही व्यावसायिक शिक्षक उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है।

सत्र 2025–26 की वार्षिक परीक्षा की तैयारी एवं गुणवत्तापूर्ण अध्यापन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगभग एक माह पूर्व विद्यालय की एसएमडीसी की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि ग्राम पंचायत सलका के ऐसे शिक्षित युवाओं को आमंत्रित किया जाए जो निर्धारित योग्यता रखते हों तथा स्वेच्छा से विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए अपनी निःशुल्क सेवाएं देने के इच्छुक हों।

इस निर्णय के तहत हेल्थ केयर विषय के लिए सुश्री शैली गुप्ता (बीएससी नर्सिंग) तथा आईटी विषय के लिए श्री मिथिलेश ठाकुर (बीसीए) को आमंत्रित किया गया। दोनों के द्वारा 02 फरवरी 2026 से विद्यालय में कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों को हेल्थ केयर एवं आईटी विषय का अध्यापन कराते हुए वार्षिक परीक्षा की तैयारी में महत्वपूर्ण सहयोग दिया गया।

इसी क्रम में दिनांक 11 मार्च 2026 को विद्यालय परिसर में हेल्थ केयर विषय का अध्यापन कार्य कर रही सुश्री शैली गुप्ता के सम्मान में दोपहर 02:00 बजे सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं, एसएमडीसी के सदस्यों तथा विद्यार्थियों की उपस्थिति में सुश्री शैली गुप्ता को पुष्पगुच्छ, शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उनके द्वारा दी गई निःस्वार्थ सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिक्षित युवाओं का सहयोग विद्यालय और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। कार्यक्रम का संचालन सुश्री मेरी बहालेन धान द्वारा किया गया।

anil sahu
Author: anil sahu

जिला प्रतिनिधि सूरजपुर

सबसे ज्यादा पड़ गई