बस्तामुक्त विद्यालय माध्यमिक शाला रुनियाडीह में कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों को दी गई विदाई

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अनिल साहू

सूरजपुर/ बिश्रामपुर — क्षेत्र के प्रथम बस्तामुक्त विद्यालय शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला रुनियाडीह में कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों के लिए केंद्रीकृत वार्षिक परीक्षा के पूर्व विदाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ग्राम सरपंच श्रीमती सुमित्रा सिंह रहीं, जबकि अध्यक्षता उपसरपंच श्रीमती प्रेमलता राजवाड़े ने की।

विशिष्ट अतिथियों में प्राथमिक शाला रुनियाडीह के प्रधान पाठक घरभरन सिंह, प्राथमिक शाला सरस्वतीपुर की प्रधान पाठक जुलिता टोप्पो, अलख सामाजिक गुणवत्ता मंच बिश्रामपुर के अध्यक्ष राजेश कुमार अग्रवाल, एसएमसी अध्यक्ष एनवति राजवाड़े, उपाध्यक्ष गुड्डी बाई विश्वकर्मा, निर्मल सिंह एवं पारसनाथ राजवाड़े उपस्थित रहे।

संस्था प्रमुख सीमांचल त्रिपाठी ने बताया कि कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों को केंद्रीकृत वार्षिक परीक्षा के लिए उनके अभिभावकों की उपस्थिति में एडमिट कार्ड वितरित किए गए। अभिभावकों से अनुरोध किया गया कि वे बच्चों को प्रतिदिन परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले विद्यालय भेजें, ताकि बच्चे बिना तनाव के परीक्षा दे सकें। कक्षा आठवीं की केंद्रीकृत वार्षिक परीक्षा 17 मार्च से सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी।

भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए युवा साथी फाउंडेशन सूरजपुर के संस्थापक डॉ. रजनीश गर्ग द्वारा डाबर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के सीएसआर सहयोग से विद्यार्थियों को ग्लूकोज, पानी की बोतल, टूथपेस्ट, ब्रश, आम जूस, शैंपू, साबुन, तेल, हार्पिक और ओडोनिल जैसी स्वच्छता सामग्री निःशुल्क प्रदान की गई। साथ ही परीक्षा लेखन के लिए 28 दफ्ती भी उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम में बच्चों को परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हुए सरपंच सुमित्रा सिंह की ओर से दो-दो पेन, विद्यालय की ओर से पेंसिल, रबर और कटर, तथा राजेश कुमार अग्रवाल की ओर से बालूशाही मिठाई और एक-एक पेन देकर सम्मानित किया गया।

विद्यालय की सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों ने विद्यालय परिवार को 15×30 फीट का ग्रीन मैट भेंट किया।

कार्यक्रम के अंत में नेवता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें पूड़ी, मटर-छोला, अंडा करी, चावल, दाल, पापड़, सलाद और बालूशाही मिठाई परोसी गई। इस अवसर पर सरपंच, दोनों प्राथमिक शालाओं के प्रधान पाठक, एसएमसी के सदस्य, आरती स्व सहायता समूह की सचिव भुनेश्वरी राजवाड़े सहित कई अभिभावक, शिक्षक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में पायल राजवाड़े, वर्षा, घरभरन, संध्या राजवाड़े, शांति सिंह, वेद राजवाड़े, दीपक, नितेश, शिवम विश्वकर्मा, कुश देवांगन और साधना का विशेष योगदान रहा।

anil sahu
Author: anil sahu

जिला प्रतिनिधि सूरजपुर