

अनिल साहू
सूरजपुर — जिले के रामानुजनगर विकासखंड अंतर्गत संकुल केंद्र कोट स्थित माध्यमिक शाला चिट्काहीपारा कोट में प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक कक्षा 5वीं और 8वीं के विद्यार्थियों के लिए शाला परिवार द्वारा विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शासकीय हाई स्कूल कोट के प्राचार्य एवं संकुल प्राचार्य महेश कुमार दोहरे थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ व्याख्याता चांसी प्रसाद कुशवाहा, शिक्षक राधेश्याम साहू तथा ग्राम पंचायत के पंच हीरालाल सिंह उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत विद्यालय परिवार द्वारा किया गया।
मुख्य अतिथि महेश कुमार दोहरे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने माता-पिता तथा विद्यालय का नाम रोशन करें। वहीं चांसी प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि विदाई समारोह जीवन का एक भावुक लेकिन यादगार क्षण होता है, जो एक अध्याय के अंत और नए सफर की शुरुआत का प्रतीक है। शिक्षक राधेश्याम साहू ने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

संस्था प्रमुख सुरेन्द्र राजवाड़े ने बताया कि यह कार्यक्रम प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है, जिसमें पुरानी यादों, अनुभवों और भविष्य के लिए शुभकामनाओं को साझा किया जाता है।
इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों को कॉपी और पेन देकर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक फूल सिंह, शिक्षक देवचंद सिंह, शिक्षिका केशरी राजवाड़े, सहायक शिक्षक लक्ष्मी ठाकुर, श्रीमती सुमन नामदेव सहित विद्यालय परिवार और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर







