

अनिल साहू
सूरजपुर: जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत उमझर से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। गांव के स्कूल पारा निवासी एवं पूर्व पंचायत सचिव ईश्वर सिंह आयाम की घर में लगी भीषण आग में जिंदा जलकर मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात उनके घर में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के लोग संभल पाते उससे पहले ही स्थिति बेकाबू हो गई।
ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के कारण घर के अंदर फंसे ईश्वर सिंह आयाम को बाहर नहीं निकाला जा सका। इस दर्दनाक हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मोहरसोप पुलिस चौकी की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, हालांकि शॉर्ट सर्किट या अन्य घरेलू कारणों की संभावना जताई जा रही है।
घटना के बाद पूरे उमझर गांव में शोक का माहौल है। ईश्वर सिंह आयाम गांव में एक सम्मानित और जिम्मेदार व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे। उनकी असामयिक मृत्यु से ग्रामीण स्तब्ध हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कराने और मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता व मुआवजा देने की मांग की है। यह हादसा ग्रामीण क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता और पर्याप्त संसाधनों की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर करता है।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर






