कुदरगढ़ धाम में श्रद्धालु की मौत, हार्ट अटैक की आशंका से हड़कंप

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अनिल साहू

सूरजपुर। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कुदरगढ़ धाम में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां मां बागेश्वरी देवी के दर्शन के लिए पहुंचे एक श्रद्धालु की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि करीब 900 सीढ़ियों की कठिन चढ़ाई पूरी करने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।

मृतक की पहचान कोरिया जिले के निवासी फूल सिंह के रूप में हुई है, जो अपने परिजनों के साथ दर्शन के लिए पहुंचे थे। परिजनों के अनुसार, यात्रा के दौरान वे पूरी तरह स्वस्थ थे, लेकिन मंदिर के पास पहुंचते ही उन्हें चक्कर आया और वे अचानक बेहोश होकर गिर पड़े।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फूल सिंह सीढ़ियां चढ़ते समय बीच-बीच में रुककर आराम कर रहे थे और परिजनों का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान उनकी हालत बिगड़ी। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और मंदिर के पुजारी (बैगा) ने तत्काल मदद करने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में भीषण गर्मी और अधिक शारीरिक परिश्रम के चलते हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

व्यवस्थाओं पर उठे सवाल

बीते 10 दिनों के भीतर कुदरगढ़ धाम में यह दूसरी मौत है। इससे पहले एक 19 वर्षीय युवक की गिरने से जान चली गई थी। लगातार हो रही घटनाओं ने यहां की सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मंदिर परिसर में पर्याप्त चिकित्सा सुविधा का अभाव बताया जा रहा है। आपातकालीन स्थिति में तत्काल इलाज या एंबुलेंस की व्यवस्था न होने से श्रद्धालुओं की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है, खासकर भीषण गर्मी में सैकड़ों सीढ़ियां चढ़ने वाले बुजुर्ग और अस्वस्थ लोगों के लिए यह यात्रा जोखिम भरी साबित हो रही है।

रोपवे निर्माण की मांग तेज

लगातार हो रही घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने धाम में रोपवे निर्माण की मांग तेज कर दी है, ताकि सभी आयु वर्ग के लोग सुरक्षित तरीके से दर्शन कर सकें। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक इस दिशा में कोई ठोस कदम सामने नहीं आया है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि धार्मिक स्थलों पर बढ़ती भीड़ के बीच सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना कितना जरूरी है, ताकि ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

anil sahu
Author: anil sahu

जिला प्रतिनिधि सूरजपुर