

अनिल साहू
सूरजपुर/रामानुजनगर।शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, नवाचारी शिक्षण पद्धतियों तथा बच्चों के सीखने के स्तर में उल्लेखनीय सुधार के लिए शासकीय प्राथमिक शाला उमेशपुर, संकुल केंद्र कृष्णापुर के शिक्षक सुनील कुमार साहू को संकुल स्तरीय एफएलएन (Foundational Literacy and Numeracy) कार्यक्रम अंतर्गत प्रशस्ति प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
यह सम्मान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कृष्णापुर, विकासखंड रामानुजनगर, जिला सूरजपुर में आयोजित कार्यक्रम में संकुल प्राचार्य श्री श्रवण कुमार बडकड़े एवं सी.ए.सी कृष्णापुर श्री जनार्दन प्रसाद टांडिया चिंतामणि (व्याख्याता) तथा केशव प्रसाद ओमान देवांगन द्वारा प्रदान किया गया।
सुनील कुमार साहू ने अपने अभिनव प्रयासों और समर्पित कार्यशैली से विद्यार्थियों की बुनियादी साक्षरता—पढ़ना, लिखना एवं गणना कौशल—को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने बच्चों को सहज, रोचक और प्रभावी तरीके से शिक्षा प्रदान करने के लिए कई नवाचारी शिक्षण गतिविधियों एवं आधुनिक पद्धतियों को अपनाया, जिससे विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिला।

शिक्षा विभाग द्वारा दिया गया यह सम्मान उन शिक्षकों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने विद्यालयों में नवाचार के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को नई दिशा दी हो। सुनील कुमार साहू की उपलब्धि ने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे संकुल क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद सुनील कुमार साहू ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने अपने विद्यार्थियों, सहकर्मियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि सभी के सामूहिक सहयोग और विश्वास का परिणाम है। साथ ही उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि वे भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नवाचार करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण के लिए समर्पित भाव से कार्य करते रहेंगे।





