

अनिल साहू
सूरजपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा जिला सूरजपुर द्वारा “12 साल बेमिसाल” कार्यक्रम का भव्य आयोजन अटल कुंज भाजपा कार्यालय, सूरजपुर में किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश की कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष नूतन विश्वास ने की, जबकि भाजपा जिला अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष रेखा राजवाड़े एवं महिला मोर्चा प्रभारी संध्या सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंतर्गत भाषण, रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
मुख्य अतिथि लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में देश ने विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं ने महिलाओं के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने महिलाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष नूतन विश्वास ने कहा कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ता केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य करेंगी, ताकि जरूरतमंद और गरीब महिलाओं को इन योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
भाजपा जिला अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत प्रत्येक क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ा है। उन्होंने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने के लिए सभी भाजपा कार्यकर्ताओं से सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री देवंती साहू, नेहा तिवारी, उपाध्यक्ष बीना गुप्ता, कोषाध्यक्ष मीना सिंह, मंडल अध्यक्ष सुमित्रा राजवाड़े, सरोज यादव, रंजन गुर्जर, कीर्ति दुबे, पूनम तिवारी, जय भारती, महामंत्री राम कुमारी देवांगन, अनीता सिंह, अरुण गुप्ता, उषा सहित जिला कार्यसमिति सदस्य, मंडल पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जिला महामंत्री देवंती साहू एवं नेहा तिवारी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर





