“ग्रामीण युवा जन कल्याण समिति ने मनाया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, ‘स्वयं और समाज के लिए योग’ का दिया संदेश”

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

भरत लाल गुप्ता 

‘स्वयं और समाज के लिए योग’ थीम पर हुआ सामूहिक योगाभ्यास, ग्रामीणों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प

सलका (उदयपुर)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ग्रामीण युवा जन कल्याण समिति, सलका द्वारा बस स्टैंड परिसर में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया गया। “स्वयं और समाज के लिए योग” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीण युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों एवं जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ समिति की अध्यक्ष श्रीमती तपस्या बाई द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात योग प्रशिक्षक भरत लाल गुप्ता ने उपस्थित लोगों को प्राणायाम, सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वज्रासन, भुजंगासन सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया। योगाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों को योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की भी जानकारी दी गई।

अपने संबोधन में अध्यक्ष श्रीमती तपस्या बाई ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और जीवन पद्धति का महत्वपूर्ण अंग है। ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखकर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना समय की आवश्यकता है। नियमित योग से शरीर स्वस्थ रहने के साथ मानसिक संतुलन एवं सकारात्मक सोच का भी विकास होता है।

योग शिक्षक भरत लाल गुप्ता ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि जीवन जीने की एक संपूर्ण कला है। यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कुछ समय योग को दे, तो अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम में लगभग 80 से 90 ग्रामीणों ने सहभागिता की। महिलाओं एवं युवाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को हर्बल जूस एवं पतंजलि बिस्किट वितरित किए गए। साथ ही समिति द्वारा प्रत्येक रविवार को निःशुल्क योग कक्षा संचालित करने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर अमरनाथ गोटिया, बनारसी दास, राकेश अमरनाथ गोटिया, सचिव कन्हाई बंजारा, कोषाध्यक्ष भरत लाल गुप्ता, बीरबल सिद्धार, मनोहर प्रजापति, कौशल्या देवी, दुर्गा सिद्धार, बिंदो बाई, श्याम कुंवर, सहोदरी बाई, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

anil sahu
Author: anil sahu

जिला प्रतिनिधि सूरजपुर

सबसे ज्यादा पड़ गई