ब्रेकिंग न्यूज: सूरजपुर में तड़के भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार एक्सयूवी डिवाइडर से टकराई, कार के उड़े परखच्चे, बिजली के खंभे गिरे

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अनिल साहू

सूरजपुर। जिले के नवापारा मुख्य मार्ग पर रविवार तड़के करीब सुबह 4 बजे तेज रफ्तार एक्सयूवी कार अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। टक्कर की तीव्रता से डिवाइडर भी बुरी तरह टूट गया तथा उस पर लगे बिजली के खंभे उखड़कर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यातायात प्रभावित रहा।

जानकरी के अनुसार एक्सयूवी तेज रफ्तार से शहर की ओर आ रही थी। नवापारा मुख्य मार्ग पर चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त वाहन को हटाने की कार्रवाई शुरू कराई। वहीं सड़क पर गिरे बिजली के खंभों और मलबे को हटाकर यातायात सामान्य करने का प्रयास किया गया। कुछ समय तक वाहनों की आवाजाही सावधानीपूर्वक कराई गई।

राहत की बात यह रही कि समाचार लिखे जाने तक इस दुर्घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है। हालांकि पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

इस घटना से फिर एक बार तेज रफ्तार के खतरों को उजागर करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के मुख्य मार्गों पर देर रात और तड़के तेज गति से वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने, तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।

anil sahu
Author: anil sahu

जिला प्रतिनिधि सूरजपुर

सबसे ज्यादा पड़ गई