इश्क, शक और कत्ल: प्रेम प्रसंग के संदेह में किशोरी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अनिल साहू

प्रेम संबंध के शक में किशोरी की हत्या, पुलिस ने घंटों में सुलझाया मामला

सूरजपुर। सूरजपुर जिले में एक किशोरी की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस तेज कार्रवाई की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान ग्राम कुरवां निवासी रीतेश राजवाड़े के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को अपनी परिचित राधिका राजवाड़े के किसी अन्य युवक से प्रेम संबंध होने का शक था। इसी संदेह के चलते उसने कथित तौर पर धारदार चाकू से किशोरी के गले पर हमला कर दिया और घटना के बाद मौके से फरार हो गया।

घटना में गंभीर रूप से घायल किशोरी को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालांकि, अंबिकापुर ले जाते समय अजबनगर के आगे रास्ते में उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सूरजपुर पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने जिलेभर में नाकेबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार सर्च अभियान और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सूरजपुर के समीप पीढ़ा गांव से आरोपी रीतेश राजवाड़े को गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। घटना में प्रयुक्त चाकू सहित अन्य साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई जारी है। मामले में वैधानिक प्रक्रिया के तहत आगे की जांच की जा रही है।

इस घटना से पूरे जिले में शोक और आक्रोश का माहौल है। वहीं, घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी से यह स्पष्ट हुआ है कि सूरजपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तेजी और तत्परता के साथ कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत विवेचना जारी है और जांच पूरी होने के बाद अन्य तथ्य भी सामने आएंगे।

anil sahu
Author: anil sahu

जिला प्रतिनिधि सूरजपुर