

अनिल साहू
मानव सेवा के कार्यों को और प्रभावी बनाने बनी रणनीति, सहयोग नहीं करने वाले अधिकारियों पर भी हुई चर्चा
सूरजपुर। किसी भी समाज की संवेदनशीलता का सबसे बड़ा पैमाना यह होता है कि संकट की घड़ी में वह जरूरतमंद लोगों के साथ किस तरह खड़ा होता है। इसी सोच को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी की प्रदेश स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को राजधानी रायपुर स्थित रेड क्रॉस भवन में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश भर से आए चेयरमैन व अन्य प्रतिनिधियों ने अपने-अपने जिलों में संचालित गतिविधियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक की अध्यक्षता राज्य चेयरमैन तोमन साहू ने की। इस दौरान राज्य जनरल सेक्रेटरी डॉ. रूपल पुरोहित, प्रदेश पदाधिकारी, राष्ट्रीय एवं प्रदेश प्रतिनिधि प्रबंध समिति के सदस्य, सभी जिलों के जिला चेयरमैन, सचिव तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी गण मौजूद रहे। प्रत्येक जिले ने संगठन की संरचना, सामाजिक गतिविधियों, राहत कार्यों और आय-व्यय का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसके बाद आगामी महीनों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों और जनसेवा से जुड़ी गतिविधियों को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।

*प्रदेश स्तर पर पहली बार दर्ज हुई सूरजपुर की प्रभावी मौजूदगी*
इस बैठक की खास बात यह रही कि पहली बार सूरजपुर जिले का प्रतिनिधित्व जिला चेयरमैन बाबूलाल अग्रवाल तथा जिला सचिव एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कपिल देव पैकरा ने किया। दोनों ने जिले में संचालित गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी साझा की। प्रदेश नेतृत्व ने सूरजपुर की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए जिले में रेड क्रॉस की गतिविधियों को और विस्तार देने की बात कही।
*जल्द आएंगे राज्य चेयरमैन सूरजपुर*
बैठक के दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के राज्य चेयरमैन तोमन साहू का जल्द ही सूरजपुर का शासकीय दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान जिले में रेड क्रॉस की कार्यप्रणाली की समीक्षा, स्थानीय आवश्यकताओं का आकलन और जनसेवा से जुड़े नए कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
*सहयोग नहीं करने वाले अधिकारियों पर जताई नाराजगी*
बैठक में कई जिलों से यह मुद्दा भी उठाया गया कि कुछ अधिकारी रेड क्रॉस सोसायटी की गतिविधियों में अपेक्षित सहयोग नहीं कर रहे हैं बैठक में स्पष्ट संदेश दिया गया कि मानव सेवा से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।

*कलेक्टरों की होगी विशेष बैठक*
चूंकि प्रत्येक जिला कलेक्टर इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी की जिला शाखा के पदेन अध्यक्ष होते हैं, इसलिए जल्द ही राज्य भवन में प्रदेश के सभी कलेक्टरों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में रेड क्रॉस की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने तथा जिला स्तर पर हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
*सूरजपुर में बनेगी नई प्रबंधन टीम*
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सूरजपुर जिला शाखा की नई प्रबंधन टीम का गठन शीघ्र किया जाएगा। नई टीम के गठन के बाद सभी प्रकल्पों में रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, आपदा राहत, प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण और अन्य सामाजिक गतिविधियों को अधिक व्यवस्थित एवं व्यापक रूप से संचालित किए जाने हेतु प्रभारी, संयोजक व सदस्य नियुक्त किए जाएंगे।

*जनसेवा के संकल्प को मिलेगी नई दिशा*
रायपुर में आयोजित यह बैठक केवल एक औपचारिक समीक्षा तक सीमित नहीं रही, बल्कि प्रदेशभर में रेड क्रॉस की गतिविधियों को नई गति देने का मजबूत मंच भी बनी। सूरजपुर की सक्रिय भागीदारी, राज्य नेतृत्व का प्रस्तावित दौरा और संगठन को मजबूत करने के लिए लिए गए निर्णय इस बात का संकेत हैं कि आने वाले समय में जिले में मानव सेवा के कार्य और अधिक प्रभावी, संगठित तथा जनहितकारी स्वरूप में देखने को मिलेंगे।






