
सिलफीली हाईस्कूल में तालाबंदी, प्राचार्य के कथित अत्याचार केखिलाफ छात्रों का फूटा गुस्सा
सूरजपुर सिलफीली।
सिलफीली हाईस्कूल में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब प्राचार्य के कथित दुर्व्यवहार और अत्याचार से नाराज छात्र-छात्राओं ने स्कूल में तालाबंदी कर अपना विरोध दर्ज कराया।
बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के आक्रोश के चलते विद्यालय परिसर में माहौल गरमा गया।
छात्रों का आरोप है कि प्राचार्य द्वारा उनके साथ लगातार अनुचित व्यवहार किया जाता है,
जिससे उनमें लंबे समय से नाराजगी बनी हुई थी। मंगलवार को यह नाराजगी खुलकर सामने आ गई और विद्यार्थियों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मामले की जानकारी मिलते ही लाटोरी तहसीलदार एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और पूरे मामले की जानकारी ली। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।
फिलहाल विद्यालय में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी पूरे मामले की जांच और छात्रों द्वारा लगाए गए आरोपों की वास्तविकता जानने में जुटे हैं।
अब देखना होगा कि जांच के बाद प्राचार्य के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
छात्रों के आक्रोश और स्कूल में तालाबंदी की इस घटना ने शिक्षा व्यवस्था और विद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।


