

अनिल साहू
एक किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला में 1500 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा, भारत माता के जयकारों से गूंजा नगर
सूरजपुर/रामानुजनगर। हर घर तिरंगा अभियान के तहत जनपद पंचायत रामानुजनगर में बुधवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। नगर स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस से शुरू हुई इस यात्रा में बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठजनों सहित 1500 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा रामानुजनगर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

विधायक भूलन सिंह मराबी के नेतृत्व में निकली तिरंगा यात्रा
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मराबी के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा का शुभारंभ हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में लोग देशभक्ति के नारों और गीतों के साथ यात्रा में शामिल हुए। यात्रा का उद्देश्य आमजन एवं युवाओं में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना तथा देश के अमृत काल में प्रत्येक नागरिक को अपने योगदान के लिए प्रेरित करना रहा।
एक किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनी आकर्षण का केंद्र
तिरंगा यात्रा का सबसे प्रमुख आकर्षण एक किलोमीटर से अधिक लंबी मानव श्रृंखला रही। इसमें 1500 से अधिक लोगों ने एक साथ खड़े होकर देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। विशाल मानव श्रृंखला ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और तिरंगा हमारी शान है जैसे नारों से पूरा नगर गूंज उठा। बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि,स्कूल के छात्र रहे मौजूद
तिरंगा यात्रा का समापन जनपद पंचायत रामानुजनगर परिसर में हुआ। कार्यक्रम में गणमान्य नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अजय मॉडियम, मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने रामानुजनगर में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करते हुए हर घर तिरंगा अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया।


