
अंबिकापुर ब्यूरो
आशिक खान
मुस्लिम समाज ने उत्साह एवं भाईचारे के साथ मनाया ईद मिलादुन्नबी
विशाल रैली निकाली, मरीजों में फल वितरण, अमन-चैन की दुआएं
सरगुजा सीतापुर
पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब का जन्मदिन ईद मिलादुन्नबी मुस्लिम समाज ने उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया।
इस अवसर पर मुस्लिम कमेटी द्वारा मस्जिद परिसर में परचम कुशाई की रस्म अदा करने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों के बीच फल वितरण किया गया।
मौलाना ने दिए इंसानियत के संदेश
इस दौरान मौलाना नौनिहालों अशरफी ने पैगंबर साहब की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पैगंबर साहब ने पूरी कायनात को इंसानियत, अमन, मोहब्बत एवं भाईचारे के साथ समानता और जरूरतमंदों की मदद का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि हजरत मोहम्मद साहब का पूरा जीवन सादगी, सत्य, धैर्य, त्याग और करुणा का मिसाल था। उन्होंने सदैव गरीब, बेसहारा, कमजोर एवं दीन दुखियों के प्रति संवेदना रखते हुए सभी इंसानों के साथ प्रेम, भाईचारा और सद्भाव से पेश आने की सीख दी।
मौलाना ने समाज के लोगों से पैगंबर साहब के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने और उनके बताए नेक रास्ते पर चलने की बात कही।
नगर में निकली विशाल रैली
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर मुस्लिम समाज द्वारा नगर में विशाल रैली निकाली गई। रैली नगर भ्रमण के बाद केशला होते हुए ग्राम काराबेल पहुंची, जहां फातिहा पढ़ने के बाद रैली वापस मस्जिद परिसर पहुंचकर समाप्त हुई।
नगर भ्रमण के दौरान रैली का जगह-जगह लंगर, पानी, फल और शरबत के साथ जोरदार स्वागत किया गया।
ईद मिलादुन्नबी के पर्व में केशला, ढेलसर, काराबेल, तेलाईधार, कोपारा, घाघीधारा, विशुनपुर, पेट समेत मैनपाट से मुस्लिम समाज के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम के अंत में धर्मगुरुओं ने देश, प्रदेश एवं क्षेत्र की समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।




