
घर में घुसकर बच्चे व बुजुर्ग पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग
रामानुजनगर
थाना रामानुजनगर क्षेत्र के रामेश्वर गांव में पारिवारिक विवाद के बाद घर में घुसकर एक 6 वर्षीय बच्चे और उसके दादा पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का मामला सामने आया है।
प्रार्थी कल सिंह पिता जय सिंह निवासी रामेश्वर ने बताया कि उसकी बहन संगीता का अपने पति भजन सिंह निवासी खालपारा के साथ विवाद चल रहा था। विवाद के बाद भजन सिंह ने संगीता के साथ मारपीट कर उसे घर से भगा दिया था।
इसके बाद संगीता की तलाश में भजन सिंह चार-पांच दिन पहले उसके मायके पहुंचा, लेकिन संगीता वहां नहीं मिली। इस पर भजन सिंह ने प्रार्थी और उसके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी थी।
फिर 29 सितंबर की रात भजन सिंह घर के अंदर घुस गया। उसके बाद प्रार्थी के 6 वर्षीय बेटे सत्यम तथा उसके पिता जय सिंह के ऊपर पेट्रोल छिड़ककर माचिस से आग लगा दी। आग की चपेट में आने से बालक सत्यम झुलस गया। परिजन द्वारा बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
घटना की शिकायत मिलने के बाद थाना रामानुजनगर पुलिस ने आरोपी भजन सिंह के विरुद्ध बीएनएस की धारा 109 एवं 332 बी के तहत अपराध दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।





