रजनी बेरठ और पुत्र सुजल की संदिग्ध मौत पर गरमाई सियासत, कांग्रेस ने उठाई उच्चस्तरीय जांच की मांग

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अनिल साहू

एसपी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग, कहा—किसी भी पहलू को नजरअंदाज न किया जाए

सूरजपुर। शासकीय माध्यमिक विद्यालय से संबंधित शिक्षिका रजनी बेरठ और उनके पुत्र सुजल बेरठ की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब गरमाने लगा है। घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग को लेकर शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज डालमिया और ब्लॉक कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष जफर हैदर के संयुक्त नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक सूरजपुर को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने मामले की गंभीरता से जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाने और यदि किसी की संलिप्तता प्रमाणित होती है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई करने की मांग की।

ज्ञापन में शिक्षिका रजनी बेरठ और उनके पुत्र सुजल बेरठ की मृत्यु की घटना को अत्यंत दुखद एवं चिंताजनक बताते हुए कहा गया कि इस घटना से क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। ऐसे में घटना से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष पड़ताल कर सच्चाई सामने लाना आवश्यक है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और किसी निर्दोष के साथ अन्याय न हो।

कांग्रेस ने रखीं पांच प्रमुख मांगें

शहर एवं ब्लॉक कांग्रेस ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग रखी। साथ ही घटनास्थल और उपलब्ध साक्ष्यों की बारीकी से जांच करने, संबंधित व्यक्तियों के बयान दर्ज कर तथ्यों का सत्यापन करने तथा जांच में किसी की संलिप्तता प्रमाणित होने पर उसके विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई करने की मांग की गई। इसके अलावा पूरी जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया।

 

हर पहलू की जांच हो, सच्चाई सामने आए

कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए उपलब्ध तथ्यों, परिस्थितियों और साक्ष्यों के आधार पर जांच की जाए। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान किसी भी महत्वपूर्ण पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का पता लगाकर निष्पक्ष तरीके से सच्चाई सामने लाना जरूरी है।

फिलहाल, मृत्यु के कारणों, घटना की परिस्थितियों और पुलिस की जांच से संबंधित आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर पूरे मामले का तथ्यात्मक खुलासा करने की मांग की है।

ये रहे उपस्थित

ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े, युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष अविनाश यादव, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आकाश साहू, संगठन महामंत्री भावना सिंह नेताम, राजेश साहू, मुस्तफा खान, सावित्री शर्मा, इमरान अंसारी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

anil sahu
Author: anil sahu