पटना (कोट) में 29 अक्टूबर से होगा संभाग स्तरीय करमा नृत्य प्रतियोगिता

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अनिल साहू

विधायक भूलन सिंह मरावी संरक्षक, प्रथम पुरस्कार 15 हजार रुपये; करमा नृत्य दलों को आमंत्रण

सूरजपुर। विजयादशमी के पावन अवसर पर रामानुजनगर विकासखंड के ग्राम पंचायत पटना (कोट) में 29 अक्टूबर, गुरुवार से संभाग स्तरीय करमा नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति पटना (कोट) के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से करमा नृत्य दल अपनी पारंपरिक वेशभूषा, साज-सज्जा और लोककला के साथ शामिल होंगे। प्रतियोगिता का आयोजन बाजार मैदान पटना (कोट) में किया जाएगा।

कार्यक्रम के संरक्षक प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, जनपद पंचायत रामानुजनगर के अध्यक्ष गुलाब सिंह तथा ग्राम पंचायत पटना की सरपंच विमला सिंह मरावी हैं। आयोजन का उद्देश्य पारंपरिक करमा नृत्य, लोकगीत और जनजातीय सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करना तथा नई पीढ़ी को अपनी लोकपरंपराओं से जोड़ना है।

*प्रथम पुरस्कार 15 हजार रुपये*

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रथम पुरस्कार 15 हजार रुपये, द्वितीय 11 हजार, तृतीय 9 हजार, चतुर्थ 5 हजार और पंचम पुरस्कार 3 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

प्रतियोगिता में पूजा, पोशाक, अनुशासन, नृत्यकला, साज-सज्जा, गायन-वादन, गीत पर प्रश्न और करमा से संबंधित जिज्ञासाओं के आधार पर कुल 100 अंकों का मूल्यांकन किया जाएगा। प्रत्येक दल को प्रस्तुति के लिए 20 मिनट का समय मिलेगा।

*26 अक्टूबर तक करा सकेंगे पंजीयन*

आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता दोपहर 2 बजे से प्रारंभ होगी। सभी दलों को निर्धारित समय से कम से कम एक घंटा पहले उपस्थित होकर पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। पंजीयन की अंतिम तिथि 26 अक्टूबर 2026, रात 10 बजे तक निर्धारित की गई है। प्रवेश शुल्क 251 रुपये रखा गया है। पंजीयन के लिए फोन-पे नंबर 9926179559 पर विधायक प्रतिनिधि संत कुमार साहू से संपर्क किया जा सकता है। पंजीयन के समय दल के दो सदस्यों के नाम और मोबाइल नंबर देना आवश्यक होगा।

प्रतियोगिता में शराब एवं अन्य मादक पदार्थों का सेवन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। प्रत्येक दल को निर्धारित क्रम में प्रस्तुति देनी होगी तथा निर्णायक मंडल का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य होगा। आयोजन समिति ने सभी करमा नृत्य दलों से पारंपरिक वेशभूषा और पूरे साज-सज्जा के साथ प्रतियोगिता में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

anil sahu
Author: anil sahu