वोट रक्षक और चारपाई चौपाल के जरिए गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगी कांग्रेस

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अनिल साहू

वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत सूरजपुर में पत्रकार वार्ता

मतदाता सूची की पारदर्शिता और चुनाव आयोग की जवाबदेही पर उठाए सवाल

सूरजपुर। लोकतंत्र की रक्षा और प्रत्येक पात्र मतदाता के मताधिकार को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से कांग्रेस ने वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत देशव्यापी मुहिम तेज करने की बात कही है। पार्टी वोट रक्षक और चारपाई चौपाल के माध्यम से गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र बचाने के लिए पार्टी सड़क से संसद तक आवाज उठा रही है और वोट चोरी का मुद्दा आज देश के सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों में से एक है।

 

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के पर्यवेक्षक डॉ. देवाशीष पटनायक एवं छत्तीसगढ़ सहप्रभारी श्रीमती जरिता लैतफलांग ने सूरजपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में चुनाव प्रक्रिया, मतदाता सूची और निर्वाचन आयोग की भूमिका को लेकर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्णयों को सार्वजनिक किया जाना चाहिए, ताकि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और जनता का विश्वास मजबूत हो। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग की कार्यप्रणाली और निर्णयों को लेकर उठ रहे सवालों से उसकी गरिमा तथा चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता प्रभावित हुई है। कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची से जुड़े मामलों पर भी चिंता जताई। उन्होंने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के माध्यम से हटाए गए मतदाताओं की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग करते हुए कहा कि पात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटने की स्थिति में उनकी पहचान कर इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने निर्वाचन आयोग की नियुक्ति प्रक्रिया पर पुनर्विचार करने और चुनाव व्यवस्था में जनता का विश्वास बहाल करने की आवश्यकता भी जताई।

पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने अभियान की रूपरेखा बताते हुए कहा कि पहले चरण में सभी जिला मुख्यालयों पर पत्रकार वार्ता के माध्यम से मतदाता अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे। दूसरे चरण में मतदान केंद्र स्तर पर मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण किया जाएगा। तीसरे चरण में बूथ, मंडल, ब्लॉक और जिला स्तर पर रणनीति बनाकर पंचायतों एवं गांवों तक वोट रक्षक और चारपाई चौपाल के माध्यम से अभियान पहुंचाया जाएगा।

नेताओं ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल अपनी सुविधा के अनुसार मतदाता सूची में नाम काटने और जोड़ने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं, उनका बूथ स्तर पर अध्ययन किया जाएगा। ऐसे मामलों को चिह्नित कर संबंधित मंचों पर आवाज उठाई जाएगी।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता के वोट की रक्षा करना पार्टी का लक्ष्य है। मजबूत लोकतंत्र के लिए निष्पक्ष और जवाबदेह निर्वाचन आयोग आवश्यक है। मतदाताओं को जागरूक करने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए शुरू की गई यह मुहिम जन-जन तक पहुंचाई जाएगी।

पत्रकार वार्ता में जिला प्रभारी गुलाब कमरों, पूर्व मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, पूर्व संसदीय सचिव पारसनाथ राजवाड़े, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष अपुर शफी अहमद, वरिष्ठ कांग्रेस नेता दानिश रफीक, जिलाध्यक्ष शशि सिंह, महामंत्री संजय डोसी, ईस्माइल खान, भगवती राजवाड़े एवं कुसुमलता राजवाड़े, नवीन जायसवाल, विद्या सागर सिंह, संजीव श्रीवास्तव, रमेश दनौदिया,अंशुल गोयल, चंदन सिंह, वेद प्रकाश मिश्रा, पंकज तिवारी, मेही साहू, परमेश्वर राजवाड़े, लिली राजवाड़े, जरीन सुल्ताना, बबिता गुप्ता, आंनद कुँवर, उषा सिंह, दिव्या तांजे, अरबीना बेगम, खुशी, जितेंद्र दुबे, प्रदीप राजवाड़े, कवल बिहारी सिंह, विद्यात्री सिंहदेव, लवकेश गुर्जर, जफर हैदर, मनोज डालमियां, विक्की समद्दार, तपन सिकदार, शान्तु डोसी, सुनील सारथी, संतोष पावले, राम कुमार बंछोर सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

जिले से 300 कार्यकर्ता जायेगे दिल्ली महारैली में

जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह ने बताया कि दिल्ली में वोट बचाव देश बचाओ अभियान के तहत आयोजित रामलीला मैदान की महारैली में जिले से लगभग 300 से अधिक कार्यकर्ता जनप्रतिनिधि व पार्टी के पदाधिकारी रैली में शिरकत करेंगे। उन्होंने बताया कि विभिन्न माध्यमों से कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे और कांग्रेस पार्टी के देश व्यापी अभियान का हिस्सा बनेंगे। अपना वोट,अपना संविधान और अपने भविष्य के लिए जिले से कांग्रेस के सभी अनुसांगिक संगठनों के पदाधिकारी भी दिल्ली कुच करने की तैयारी में है।

anil sahu
Author: anil sahu