
कोरिया साहित्य महोत्सव “कोसम” में एक ही परिवार के तीन कवि सम्मानित, प्रेमनगर ने बढ़ाया जिले का मान
सूरजपुर/कोरिया / साहित्य महोत्सव “कोसम” के चतुर्थ संस्करण में प्रेमनगर, जिला सूरजपुर के एक ही परिवार के तीन रचनाकारों ने अपनी साहित्यिक प्रतिभा का परचम लहराया। डॉ. ओमकार साहू ‘मृदुल’, डॉ. चंद्रा साहू ‘चर्चित’ और बिटिया रानी कु. डोली साहू* को छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष श्री प्रभात मिश्रा के करकमलों से सम्मानित किया गया।
साहित्य और कला को अक्षुण्ण बनाए रखने के उद्देश्य से जिला कोरिया की टीम अभिव्यक्ति, साईंनाथ फाउंडेशन, स्काई हाइट्स और SECL के संयुक्त तत्वावधान में यह आयोजन लगातार चौथे वर्ष 24 व 25 अक्टूबर 2026 को कोरिया की गोद में झुमका बांध के तट पर शरद पूर्णिमा के शुभ अवसर पर किया गया।
प्रथम दिवस का शुभारंभ छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री माननीय श्याम बिहारी जायसवाल, जिला कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद तिवारी, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. जितेंद्र गुप्ता और SECL प्रबंधक नरेश प्रसाद की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। कवियों के काव्यपाठ और डॉ. उर्वशी के प्रसिद्ध हास्य नाटक “कचरा अउ बोदरा” ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया।
द्वितीय दिवस का शुभारंभ रायपुर से पधारे राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा, वीरेंद्र श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष वंदना राजवाड़े, जिला पंचायत सदस्य गीता राजवाड़े और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के करकमलों से हुआ।
इसके पश्चात ओपन माइक के तहत कवियों ने काव्य पाठ किया, लोक कलाओं की झलकियां प्रस्तुत की गईं। राष्ट्रीय कवि सम्मेलन में दिल्ली से मुरारी मंडल, कवर्धा से अभिषेक पांडे, मुंगेली से देवेंद्र परिहार और रायगढ़ से हर्ष राज ‘हर्ष’ ने अपनी रचनाओं से समां बांध दिया। लक्ष्मी बघेल एवं साथियों के सामूहिक नृत्य और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के अंत में कोरिया की धरती के लाल आयुष नामदेव ने अपनी आर्केस्ट्रा टीम रायपुर के साथ रंगारंग प्रस्तुति देकर आयोजन को यादगार बना दिया। इस अनूठे आयोजन की संकल्पना के सूत्रधार रुद्र मिश्रा और योगेश गुप्ता की सराहना सर्वत्र हो रही है।
कार्यक्रम में बाल कवि के रूप में काव्यपाठ करने पर कु. डोली साहू को राजभाषा आयोग के अध्यक्ष द्वारा विशेष रूप से सराहा गया और उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य के लिए शुभाशीष प्रदान किया गया।





