

अनिल साहू
सलका-करोटी मार्ग पर तईया गांव के पास हुआ हादसा, सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
सूरजपुर। जिले के भैयाथान क्षेत्र अंतर्गत सलका-करोटी मुख्य मार्ग पर ग्राम तईया के पास शुक्रवार शाम ट्रक और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 12 वर्षीय नाती गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम केवरा निवासी देवनाथ यादव अपनी पत्नी मनबसिया और नाती आशीष के साथ टीवीएस एक्सएल से अपने दामाद के घर ग्राम तईया गए थे। शाम को वापस लौटते समय चंद्रपुर रोड से मुख्य मार्ग के मोड़ पर सामने से आ रहे ट्रक क्रमांक CG 15 ED 1246 से उनकी बाइक टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि देवनाथ यादव और उनकी पत्नी मनबसिया की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 12 वर्षीय आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल भैयाथान अस्पताल पहुंचाया गया।

मौके पर पहुंचे अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही चंद्रा चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, भैयाथान थाना प्रभारी और तहसीलदार भटगांव शिवनारायण राठिया ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। मृतक दंपती के शव पोस्टमार्टम के लिए भैयाथान भेजे गए हैं। प्रशासन द्वारा राहत सहायता के तहत मुआवजा प्रकरण तैयार कर भेजने की कार्रवाई की गई है।
सड़क सुरक्षा पर सवाल
इस हादसे के बाद सलका-करोटी मार्ग पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। दुर्घटना संभावित मोड़ों पर चेतावनी संकेतक और अन्य सुरक्षा इंतजामों की स्थिति की जांच जरूरी है। संबंधित विभाग को ऐसे स्थानों का निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
हादसे में पति-पत्नी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, घायल बालक के जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।




