जंगल से गांव तक मौत का तांडव! कबरा कान ने दो ग्रामीणों को कुचला, वन विभाग की निगरानी पर सवाल

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अनिल साहू

धान की रखवाली कर रहे ग्रामीण बने हाथी के हमले का शिकार, दो मौतों से दहशत में हाथी प्रभावित गांव

सूरजपुर। जिले में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। धान की फसल की रखवाली करना अब ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। जिले में कबरा कान नामक हाथी के हमले से दो अलग-अलग घटनाओं में दो ग्रामीणों की दर्दनाक मौत हो गई। प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के सकलपुर-सोनगरा सर्किल और सूरजपुर क्षेत्र के सोनपुर-सू में हुई इन घटनाओं ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पहली घटना प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के सकलपुर-सोनगरा सर्किल की है, जहां कबरा कान हाथी ने एक ग्रामीण पर हमला कर उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई

वहीं दूसरी घटना सूरजपुर क्षेत्र के सोनपुर-सू की है। यहां पंडोपारा निवासी मटूलाला पिता लालसाय बीती रात अपने खेत में धान की फसल की रखवाली कर रहा था। बताया जा रहा है कि आवारा मवेशियों से फसल को बचाने के लिए वह खेत में पहरा दे रहा था। इसी दौरान अचानक कबरा कान हाथी वहां पहुंच गया और ग्रामीण पर हमला कर उसे कुचल दिया। हाथी के इस हमले में मटूलाला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

खेतों की रखवाली बनी जानलेवा

धान की फसल पकने के साथ ही ग्रामीण रात के समय खेतों में पहरा देने को मजबूर हैं। ऐसे में जंगली हाथियों की आवाजाही ने किसानों और ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। फसल बचाने की कोशिश में ग्रामीण अपनी जान गंवा रहे हैं। दो अलग-अलग क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं के बाद हाथी प्रभावित गांवों में भय और आक्रोश का माहौल है।

ग्रामीणों की सुरक्षा पर उठे सवाल

लगातार हाथियों के हमलों में हो रही जनहानि ने वन विभाग की निगरानी और ग्रामीणों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों की मांग है कि हाथी प्रभावित क्षेत्रों में नियमित निगरानी, समय पर अलर्ट और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

anil sahu
Author: anil sahu