‘कबरा कान’ का खौफ बरकरार, जनहानि के बाद हरकत में आया वन विभाग!

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अनिल साहू

छह महीने से ग्रामीणों में दहशत, कई लोगों की ले चुका है जान; विशेष टीम की होगी तैनाती, लोकेशन ट्रैक कर गांवों को किया जाएगा अलर्ट

सूरजपुर। जिले में पिछले करीब छह महीनों से दहशत का पर्याय बने जंगली हाथी ‘कबरा कान’ के आतंक से ग्रामीणों को अब तक राहत नहीं मिल पाई है। हाथी के हमलों में कई लोगों की जान जा चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं के बीच ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। कभी गांवों के आसपास तो कभी एसईसीएल के ओपनकास्ट खदान क्षेत्रों में हाथी की मौजूदगी लोगों की चिंता बढ़ा रही है।

हाल ही में ग्राम कमलपुर के आसपास एसईसीएल के डंपिंग एरिया स्थित पहाड़ी पर भी इस हाथी को विचरण करते देखा गया। इससे आसपास के ग्रामीणों और क्षेत्र में काम करने वाले लोगों में दहशत का माहौल है।

लगातार बढ़ते खतरे को देखते हुए अब वन विभाग ने हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष तैयारी शुरू कर दी है। एसडीओ वन विभाग संतोष पांडे ने बताया कि हाथी की लगातार निगरानी के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है, जिसे जल्द ही क्षेत्र में तैनात किया जाएगा। इसके साथ ही हाथी को रेडियो कॉलर आईडी लगाने की भी तैयारी की जा रही है।

रेडियो कॉलर से मिलेगी लोकेशन, समय रहते ग्रामीणों को किया जाएगा अलर्ट

रेडियो कॉलर आईडी लगाए जाने के बाद हाथी की लोकेशन और उसकी आवाजाही पर लगातार नजर रखी जा सकेगी। इससे हाथी किस दिशा में जा रहा है और किन गांवों के आसपास उसकी मौजूदगी है, इसकी जानकारी वन विभाग को समय रहते मिल सकेगी। इसके आधार पर प्रभावित गांवों में पहले से अलर्ट जारी करने और संभावित जनहानि रोकने के लिए त्वरित कदम उठाने में मदद मिलेगी।

हालांकि, वन विभाग की इस पहल से ग्रामीणों को सुरक्षा की उम्मीद जरूर जगी है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल अब भी बरकरार है कि कई लोगों की जान ले चुके ‘कबरा कान’ के आतंक से आखिर कब छुटकारा मिलेगा? फिलहाल ग्रामीणों की निगाहें वन विभाग की विशेष टीम की तैनाती, रेडियो कॉलर लगाने की कार्रवाई और हाथी से बचाव के ठोस इंतजामों पर टिकी हुई हैं।

anil sahu
Author: anil sahu