बस्तामुक्त विद्यालय रुनियाडीह में 40 नवप्रवेशी बच्चों को टोपी सहित स्वेटर वितरित, चेहरे पर खिली मुस्कान

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अनिल साहू

समाजसेवी गुरमीत सिंह के सौजन्य से बच्चों को मिला गर्म कपड़ों का उपहार, सहायिकाओं को भी स्वेटर प्रदान कर किया सहयोग

सूरजपुर/ विश्रामपुर। क्षेत्र के प्रथम बस्तामुक्त विद्यालय शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला रुनियाडीह में सामाजिक सहयोग और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को टोपी सहित स्वेटर वितरित किया गया। वरिष्ठ समाजसेवी गुरमीत सिंह के सौजन्य से विद्यालय के 40 नवप्रवेशी बच्चों को एक ही रंग (डार्क ब्लू) के टोपी सहित स्वेटर प्रदान किए गए। वहीं, हायर सेकेंडरी स्कूल रामनगर के व्याख्याता पिंकू शर्मा के सौजन्य से मध्याह्न भोजन सहायिका एवं सफाई कर्मचारी को भी स्वेटर भेंट किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहायक संचालक शिक्षा अजय सिंह रहे। इस अवसर पर सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुनील सिंह पोर्ते, खंड स्रोत समन्वयक मनोज कुमार मंडल, विकासखंड परियोजना अधिकारी साक्षर भारत जयराम प्रसाद, एसएमसी अध्यक्ष कौशिल्या राजवाड़े, सचिव आरती स्व सहायता समूह भुनेश्वरी राजवाड़े, संस्था के शिक्षक रिजवान अंसारी, श्रीमती एम. टोप्पो, मध्याह्न भोजन सहायिका श्रीमती सुमित्रा राजवाड़े, नान दईया, घरपती सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे। विद्यालय में दर्ज 82 विद्यार्थियों में से 81 बच्चे कार्यक्रम में शामिल हुए।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में सहायक संचालक अजय सिंह ने बच्चों को शिक्षकों द्वारा बताए गए मार्ग पर चलने, नियमित विद्यालय आने, प्रतिदिन शाम को पढ़ाई करने तथा माता-पिता का सम्मान करने की प्रेरणा दी। वहीं सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुनील सिंह पोर्ते एवं खंड स्रोत समन्वयक मनोज कुमार मंडल ने भी बच्चों को संबोधित करते हुए शिक्षा, अनुशासन और नियमित अध्ययन के महत्व पर प्रकाश डाला।

संस्था प्रमुख सीमांचल त्रिपाठी ने बताया कि समाजसेवी गुरमीत सिंह पिछले चार वर्षों से लगातार विद्यालय के नवप्रवेशी बच्चों को एक ही रंग के स्वेटर उपलब्ध कराते आ रहे हैं। इस वर्ष भी उनके सहयोग से 40 नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को टोपी सहित स्वेटर प्रदान किया गया। उन्होंने बताया कि विद्यालय में गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों को ठंड से बचाने के लिए सामुदायिक सहयोग से ऊनी कपड़े जुटाकर वितरण करने की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। वर्ष 2014 से ही संस्था के बच्चों को गर्म कपड़े उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कभी अग्रवाल महिला समिति, कभी मारवाड़ी महिला मंच तो कभी समाजसेवियों के सहयोग से स्वेटर एवं टोपी उपलब्ध कराकर जरूरतमंद बच्चों की मदद की जाती है।

इस पहल से जरूरतमंद बच्चों को ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े मिलते हैं, वहीं दानदाताओं को भी समाजसेवा के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता करने का अवसर प्राप्त होता है। स्वेटर एवं टोपी पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। बच्चों ने समाजसेवी गुरमीत सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान नेवता भोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें अतिथियों एवं बच्चों ने पूड़ी, चावल, दाल फ्राई, मिठाई, भिंडी की भुजिया, लालभाजी साग, टमाटर की चटनी, अंडा करी, अचार, पापड़ एवं सलाद का आनंद लिया। कार्यक्रम ने विद्यालय में सामाजिक सहभागिता, सहयोग और बच्चों के प्रति अपनत्व का सुंदर संदेश दिया।

anil sahu
Author: anil sahu

सबसे ज्यादा पड़ गई