

अनिल साहू
प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत सहित प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भाजपा सरकार को घेरा
तारा कोल ब्लॉक और हसदेव के मुद्दे पर आदिवासियों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने का किया ऐलान
सूरजपुर। कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान के तहत प्रेमनगर विकासखंड के ग्राम कांटारोली में आयोजित विशाल जनचौपाल में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी एवं सांसद सुखदेव भगत के नेतृत्व में आयोजित इस जनचौपाल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मंच से हुंकार भरते हुए जल, जंगल, जमीन, आदिवासी अस्मिता और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष तेज करने का संकल्प दोहराया।
छत्तीसगढ़ प्रभारी सांसद सुखदेव भगत अपने तीन दिवसीय सरगुजा अंचल प्रवास के दौरान कांटारोली पहुंचे। जनचौपाल को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन की लड़ाई में कांग्रेस क्षेत्रवासियों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने भाजपा सरकार पर आदिवासी हितों की अनदेखी करने और पेसा कानून एवं संविधान की पांचवीं अनुसूची की भावना के उल्लंघन का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि तारा कोल ब्लॉक और हसदेव बचाओ आंदोलन केवल जमीन का मुद्दा नहीं, बल्कि आदिवासियों की संस्कृति, पहचान, आजीविका और अस्मिता से जुड़ा सवाल है। कांग्रेस आदिवासियों की जमीन, जंगल और अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
सुखदेव भगत ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए वोट चोरी और देश की सार्वजनिक संपत्तियों को निजी हाथों में सौंपने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सत्ता से बड़ा संविधान है और संविधान से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। कांग्रेस और राहुल गांधी सड़क से लेकर सदन तक आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने जनता से कांग्रेस को मजबूत करने और लोकतंत्र तथा संविधान की रक्षा की लड़ाई में सहभागी बनने का आह्वान किया।
इसके पूर्व कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह ने स्वागत उद्बोधन दिया और अतिथियों का अभिनंदन किया। जनचौपाल में कांग्रेस नेताओं ने स्थानीय मुद्दों के साथ-साथ लोकतांत्रिक अधिकारों, आदिवासी हितों और क्षेत्रीय विकास से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाया।

जन चौपाल में पूर्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल, अमरजीत भगत, डॉ प्रेमसाय सिंह, पूर्व विधायक विनय जायसवाल, पारसनाथ राजवाड़े, भानुप्रताप सिंह, रायपुर के पूर्व महापौर एजाज ढेबर, बालकृष्ण पाठक, सफी अहमद, दानिश रफीक, विंकी बाबा, सुभाष गोयल, नरेंद्र जैन, सुनील अग्रवाल, आनंद कुंवर, भगवती राजवाड़े, अखिलेश सिंह, हेमलता राजवाड़े, बबिता गुप्ता, लिली राजवाड़े, विमला सिंह, सुखमनिया जगते, आलोक साहू, रोहित कन्नौजे, विद्यासागर सिंह, नवीन जायसवाल, संजीव श्रीवास्तव, अंशुल गोयल, चंदन सिंह, जरीना सुल्ताना, अरबिना बेगम, खुशी, दिव्या तांजे, जगत आयाम, महेंद्र साहू, केबी सिंह, कवल बिहारी सिंह, प्रदीप राजवाड़े, लवकेश गुर्जर, संतोष पावले, लिवनेश सिंह, रामकुमार बंछोर, समीर सिंह, मुन्नी सिंह, सविता सिंह, कुसुमलता राजवाड़े, नरेंद्र यादव, प्रदीप साहू, गिरधारी साहू, नवल सिंह, प्रवेश गोयल, परमेश्वर राजवाड़े, पवन साहू, दिनेश राजवाड़े, बिहारी कुलदीप, संदीप शर्मा, चंद्रदत्त दुबे, चंदा सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, कांग्रेस के जिला, ब्लॉक, मंडल व बूथ के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
भाजपा सरकार पर बैज और सिंहदेव का हमला
जनचौपाल को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भी संबोधित किया। दोनों नेताओं ने वोट बचाओ यात्रा के उद्देश्य और लोकतंत्र में मताधिकार की अहमियत पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए। नेताओं ने एसआईआर, कथित वोट चोरी, महंगाई, भ्रष्टाचार और बस्तर से सरगुजा तक आदिवासी अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा। इस दौरान नेताओं ने वोट बचाओ–देश बचाओ, सूरजपुर बचाओ, प्रेमनगर बचाओ, तारा बचाओ और कांटारोली बचाओ के नारे लगवाकर कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों में जोश भरा।
तारा चौक पर आतिशी स्वागत, बाइक रैली के साथ पहुंचे नेता
इसके पूर्व तारा चौक पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह एवं जिला प्रभारी गुलाब कमरो, ईस्माइल खान व दानिश रफ़ीक के नेतृत्व में प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, सह प्रभारी जरिता लैतफलांग, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मोहन मरकाम का भव्य एवं आतिशी स्वागत किया गया। इसके बाद बाइक रैली तथा पारंपरिक शैला और शुग्गा नृत्य दलों की अगुवाई में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जनचौपाल स्थल कांटारोली पहुंचे। यहां जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह सहित इस्माइल खान, संजय डोसी, सुनील अग्रवाल, मेहंदी यादव, अरविंद यादव, अशोक जगते, तुलसी यादव, राम कुमार बंछोर, संतोष पावले एवं आदिवासी कांग्रेस के पदाधिकारियों ने अतिथियों का तीर-धनुष भेंटकर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।




